JEE Advanced 2020: इस साल जेईई एडवांस की परीक्षा 27 सितंबर को देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में आयोजित होगी। जेईई एडवांस परीक्षा के लिए आईआईटी दिल्ली ने इस साल कश्मीर में चार परीक्षा केंद्र स्थापित किए हैं, जो कि पहली बार संभव हुआ है। इससे पहले पिछले साल जम्मू-कश्मीर में जेईई एडवांस परीक्षा के लिए सिर्फ एक परीक्षा केंद्र बनाया गया था। लेकिन इस साल परीक्षा केंद्रों की संख्या में इजाफा हुआ है।
आईआईटी दिल्ली ने जेईई एडवांस परीक्षा के लिए जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, जम्मू व कश्मीर में चार परीक्षा केंद्र बनाए है। इससे पहले तक जम्मू-कश्मीर में इस प्रतिष्ठित परीक्षा के लिए सिर्फ एक ही परीक्षा केंद्र बनाया जाता था। आईआईटी दिल्ली के निदेशक, वी रामगोपाल राव का कहना है कि इस साल जेईई एडवांस परीक्षा के लिए जम्मू-कश्मीर में चार परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, ताकि जेईई एडवांस की परीक्षा देने वाले अभ्यर्थी बिना किसी परेशानी के परीक्षा केंद्र में जाकर परीक्षा दे सकें। उन्होंने यह बात ट्वीट कर कही है।
दरअसल, वी रामगोपाल राव ने एक फेक न्यूज का हवाला देते हुए यह जानकारी दी कि इस साल जम्मू-कश्मीर में जेईई एडवांस परीक्षा के लिए चार केंद्र बनाए गए हैं। इस फेक न्यूज में कहा गया था कि 27 सितंबर को जेईई एडवांस की परीक्षा है और जम्मू-कश्मीर में एक भी परीक्षा केंद्र नहीं बनाया गया है, वहां के अभ्यर्थी कैसे परीक्षा देंगे। जेईई एडवांस की परीक्षा ऑनलाइन कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) के जरिए होती है। गौरतलब है कि जेईई एडवांस परीक्षा को साल में दो बार आयोजित कराने की मांग को लेकर भी राव का कहना है कि इस बात का निर्णय जैब 2021 की बैठक में लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बैठक में सारे मुद्दों को उठाया जाएगा। कई छात्रों ने जेईई मेन की तरह ही जेईई एडवांस परीक्षा के अटेंप बढ़ाने की मांग की थी।