फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jamtara: साइबर क्राइम से शिक्षा केंद्र की ओर बढ़ रहे जामताड़ा के युवा, पुलिस स्टेशन बना आधुनिक कोचिंग सेंटर

Sun, 27 Apr 2025 01:12 PM IST
शिवम गर्ग एजुकेशन डेस्क, अमर उजाला

सार

Jamtara Coaching Initiative: साइबर अपराध के लिए बदनाम जामताड़ा में अब बदलाव की बयार बह रही है। पुराने पुलिस स्टेशन को हाई-टेक कोचिंग और गाइडेंस सेंटर में बदला गया है, जो युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करेगा।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : Adobe Stock
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Jamtara Coaching Initiative: साइबर अपराध के लिए कुख्यात झारखंड के जामताड़ा जिले में अब बदलाव की एक नई कहानी लिखी जा रही है। जिस जिले को अब तक फिशिंग और ऑनलाइन ठगी के मामलों से जोड़ा जाता था, वहीं अब पुराने पुलिस स्टेशन को एक हाई-टेक कोचिंग और गाइडेंस सेंटर में तब्दील कर युवाओं को शिक्षा की नई राह दिखाई जा रही है।

जहां कभी अपराधी पकड़े जाते थे, अब वहां बच्चे पढ़ाई करेंगे  

करमाटांड़, जो जामताड़ा जिले का एक ब्लॉक है, वहां का पुराना पुलिस स्टेशन अब छात्रों के लिए  वाई-फाई, प्रोजेक्टर और लाइब्रेरी जैसी सुविधाओं से लैस कोचिंग सेंटर बन चुका है। यह वही क्षेत्र है जहां महान समाज सुधारक ईश्वर चंद्र विद्यासागर ने 18 वर्ष तक कार्य किया था और महिलाओं की शिक्षा के लिए अथक प्रयास किए थे।

विज्ञापन


जामताड़ा एसपी डॉ. एहतशाम वकारिब ने जानकारी दी कि यह राज्य का पहला ऐसा मामला है जहां एक पुराना पुलिस स्टेशन छात्रों के लिए कोचिंग हब में बदल दिया गया है।

विज्ञापन

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मिलेगी मदद 

यह सेंटर न केवल बुनियादी शिक्षा के लिए है, बल्कि इसका उद्देश्य छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना भी है। हर हफ्ते और महीने में विशेष शिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे, जहां विभिन्न विषयों के अनुभवी शिक्षक मार्गदर्शन देंगे।

जामताड़ा प्रशासन ने लगभग चार साल पहले 'लाइब्रेरी मूवमेंट' की शुरुआत की थी। इस पहल के तहत 118 पंचायतों में पुरानी और खाली सरकारी इमारतों को कम्युनिटी लाइब्रेरी में तब्दील किया गया।  साल 2022 में 'पुलिस की पाठशाला' नामक अभियान शुरू हुआ जिसमें युवाओं को फिशिंग जैसे साइबर अपराधों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया और उन्हें रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ा गया।

युवाओं में नई उम्मीद 

एसपी ने कहा कि करमाटांड में कई मेधावी छात्र हैं, जो उचित सुविधाएं मिलने पर प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने कहा, "कोचिंग-सह-मार्गदर्शन केंद्र ऐसी ही एक पहल है। हम छात्रों को साप्ताहिक और मासिक आधार पर मार्गदर्शन प्रदान करने का प्रयास करेंगे, जिसमें विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए शिक्षकों द्वारा सत्र आयोजित किए जाएंगे।"

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे कला स्नातक संदीप कुमार ने उम्मीद जताई कि कोचिंग-सह-मार्गदर्शन केंद्र छात्रों के भविष्य को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें