जादवपुर विश्वविद्यालय जिन विद्यार्थियों के पास स्मार्टफोन नहीं है, उनको हैंडसेट व डेटा पैक देगा। इस बात की जानकारी रविवार को एक अधिकारी ने दी। उन्होंने कहा कि नए सेमेस्टर की कक्षाएं अगले महीने से शुरू होने की उम्मीद है, ऐसे में विश्वविद्यालय जिन छात्रों के पास स्मार्टफोन की सुविधा नहीं है उनको हैंडसेट व डेटा पैक उपलब्ध कराएगा। इसके अलावा, विश्वविद्यालय कला और विज्ञान स्ट्रीम के अंतिम वर्ष की परीक्षाओं को डिजिटल मोड में एक अक्टूबर से लेकर 10 अक्टूबर के बीच आयोजित कराएगा।
इसे भी पढ़ें-UGC NET Admit Card 2020: 16 सितंबर से शुरू हो रही है परीक्षा, अभी तक जारी नहीं हुआ प्रवेश पत्र
विश्वविद्यालय के प्रो-वाइस-चांसलर चिरंजीब भट्टाचार्य का कहना है कि कला, विज्ञान और इंजीनियरिंग स्ट्रीम के उन विद्यार्थियों को जल्द ही हैंडसेट व इंटरनेट पैक उपलब्ध कराया जाएगा जिनके पास यह सुविधा नहीं है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अच्छे कनेक्टिविटी का डैट पैक तीन महीने के रिचार्ज के साथ उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय समिति इस बात का पता लगाएगी कि किन छात्रों के पास स्मार्टफोन व डेटा पैक उपलब्ध नहीं है। गौरतलब है कि कोरोना महामारी की वजह से इस वक्त देशभर के कॉलेजों, विश्वविद्यालयों व स्कूलों में ऑनलाइन मोड के जरिए कक्षाएं चल रही हैं। कई विश्वविद्यालयों में अंतिम वर्ष की परीक्षाएं ऑनलाइन मोड पर कराई जा रही हैं।