झारखंड बोर्ड ने दसवीं और बारहवीं कक्षा की परीक्षाओं के तारीखों की घोषणा कर दी है। बोर्ड ने अभी दसवीं और बारहवीं कक्षा की परीक्षाओं की पूरी डेटशीट जारी नहीं की है, लेकिन तारीखों का एलान कर दिया है। झारखंड एकेडमिक काउंसिल का कहना है कि दसवीं और बारहवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं 9 मार्च से शुरू होंगी और 26 मार्च तक चलेंगी।
इसे भी पढ़ें-मध्य प्रदेश: अप्रैल के आखिरी हफ्ते से शुरू होंगी दसवीं-बारहवीं की बोर्ड परीक्षाएं, इस साल नहीं होगा सप्लीमेंट्री एग्जाम
झारखंड एकेडमिक काउंसिल के अध्यक्ष डॉ. अरविंद प्रसाद का कहना है कि विषयवार परीक्षा की तारीख जल्द जारी होगी। इस साल दसवीं और बारहवीं की परीक्षा में करीब 7.5 लाख छात्र हिस्सा लेंगे।
इसे भी पढ़ें-JEE Main 2021: 16 जनवरी है आवेदन की आखिरी तारीख, ऐसे भरें फॉर्म
कोविड-19 दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए होगी परीक्षा
उन्होंने कहा कि दसवीं और बारहवीं कक्षा की परीक्षाओं का आयोजन कोरोना वायरस से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए होगा। कोविड दिशा निर्देशों का परीक्षा के दौरान सख्ती से पालन होगा। अरविंद प्रसाद का कहना है कि कोरोना की वजह से परीक्षा केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाएगी। पिछले साल लगभग 3.87 लाख छात्रों ने 10वीं की परीक्षा और 2.34 लाख से अधिक छात्रों ने बारहवीं की परीक्षा दी थी। पिछले साल बोर्ड परीक्षा 1400 परीक्षा केंद्र में आयोजित की गई थी। इस साल कोरोना वायरस की वजह से पैदा हुई स्थिति के कारण बैठने की व्यवस्था में 50 प्रतिशत तक कमी की जाएगी जिसके कारण परीक्षा केंद्रों को बढ़ाया जाएगा।
इस साल बोर्ड ने आगामी बोर्ड परीक्षाओं के लिए प्रश्न पैटर्न को भी संशोधित किया है। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष वस्तुनिष्ठ प्रकार के प्रश्नों की संख्या अधिक होगी। विषयों के आधार पर लगभग 30 से 40 प्रतिशत वस्तुनिष्ठ प्रकार के प्रश्न पेपर में शामिल किए जाएंगे।