IPU: गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी ने ऑनलाइन पढ़ाई का विकल्प शुरू किया है। छात्र अब घर बैठे बीबीए और बीकॉम की पढ़ाई कर सकेंगे। दोनों कोर्स के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है और पहला बैच 15 सितंबर से शुरू होगा।
IPU Online Courses: गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी (आईपीयू) ने छात्रों के लिए ऑनलाइन पढ़ाई का विकल्प शुरू किया है। इसके तहत बीबीए और बीकॉम के दो प्रोग्राम शुरू किए गए हैं, जिनके लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। इन ऑनलाइन प्रोग्राम का पहला बैच 15 सितंबर से शुरू होगा।
विज्ञापन
इन प्रोग्राम में दाखिले के लिए छात्र आईपीयू की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। कुलपति महेश वर्मा ने सोमवार को यूनिवर्सिटी के द्वारका कैंपस में दाखिला पुस्तिका जारी की। उन्होंने कहा कि ये दोनों प्रोग्राम यूनिवर्सिटी के सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन के अंतर्गत संचालित किए जा रहे हैं।
सेंटर की निदेशक दिव्या वर्मा ने बताया कि दोनों प्रोग्राम तीन वर्षीय हैं। इनमें छात्रों को नई शिक्षा नीति के तहत बहु-प्रवेश और निकास का विकल्प भी मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि दोनों प्रोग्राम की प्रति सेमेस्टर फीस पंद्रह हजार रुपये है।
विज्ञापन
ऑनलाइन प्रोग्राम स्वयं शिक्षण प्रबंधन प्रणाली के जरिये संचालित होंगे। इसके लिए आईआईटी चेन्नई के साथ विश्वविद्यालय का संस्थागत सहयोग है। इसकी शैक्षणिक सामग्री विश्वविद्यालय और संबद्ध कॉलेजों के अनुभवी संकाय सदस्यों ने तैयार की है। जल्द ही एमसीए, एमएएमसी और पीजीडी इन हेल्थकेयर मैनेजमेंट जैसे स्नातकोत्तर प्रोग्राम भी ऑनलाइन मोड में शुरू होंगे। ब्यूरो
पहला बैच 15 सितंबर से, तीन और प्रोग्राम भी ऑनलाइन मोड में शुरू करने की है तैयारी
छात्रों को मिलने वाली सुविधाएं
इन दोनों प्रोग्राम में छात्रों को रिकॉर्ड किए गए व्याख्यान और ई-सामग्री मिलेगी। साप्ताहिक सीधे संवाद सत्र और डिजिटल शिक्षण संसाधन भी उपलब्ध होंगे। छात्रों को मार्गदर्शन और शिक्षार्थी सहायता भी प्रदान की जाएगी। पाठ्यक्रम समन्वयक साप्ताहिक सीधे संवाद सत्र संचालित करेंगे, जिससे शिक्षार्थी संकाय सदस्यों के साथ संवाद कर सकेंगे।