IPU Admission 2025: गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (आईपीयू) में शैक्षणिक सत्र 2025-26 में यूजी, पीजी व पीएचडी में दाखिले के लिए आवेदन की रेस एक फरवरी से शुरू होने जा रही है। आईपीयू से संबद्ध 106 कॉलेजों, 18 विश्वविद्यालय स्कूलों (विभाग) में स्नातक, स्नातकोत्तर व पीएचडी प्रोग्राम की 40 हजार से अधिक सीटों के लिए उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन www.ipu.ac.in से कर सकते हैं।
कुलपति प्रो. डॉ. महेश वर्मा ने मंगलवार को दाखिला प्रक्रिया के लिए दाखिला ब्रोशर (प्रोस्पेक्टस) जारी कर दिया। इस बार न केवल एकल बालिका बल्कि खेल कोटे का लाभ भी छात्रों को मिलेगा। इस साल की दाखिला प्रक्रिया में यूजी व पीजी स्तर पर कुछ नए प्रोग्राम की शुरूआत की जा रही है।
इनमें तीन वर्षीय एलएलबी प्रोग्राम के साथ-साथ एमएससी इन मॉलिक्यूलर डायग्नोस्टिक्स, एमएससी इन माइक्रोबायोलॉजी, बीपीटी फिजियोथेरेपी, एप्लाइड जियो इन्फॉर्मेटिक्स में पीजी प्रोग्राम और रेडियोलॉजिकल फिजिक्स में पीजी डिप्लोमा कोर्स शामिल है। इस कारण से कुल सीटों में करीब 250 से अधिक सीटों का इजाफा हो जाएगा। बीते साल 1600 के करीब नई सीटें जोड़ी गई थी। कुलपति प्रो डॉ महेश वर्मा ने ब्रोशर जारी करते हुए कहा कि लड़कियों को पढ़ाई में लाभ देने के लिए इस बार से प्रत्येक प्रोग्राम में एक सीट एकल बालिका कोटे के लिए आरक्षित होगी। इसके साथ ही छात्रों में खेलों को बढ़ावा देने के लिए अब आईपीयू में खेल कोटे से भी दाखिले होंगे। खेल कोटे के तहत किसी विशेष कार्यक्रम में दाखिले का अधिकतम दो फीसदी खेल कोटे से भरा जाएगा।
कई माध्यमों से लिया जा सकेगा दाखिला
आईपीयू में दाखिला कई माध्यमों से लिया जा सकता है। जिसमें राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाएं(जेईई मेन्स, नीट, यूजी, पीजी, कैट, सीएमएटी, निम्सेट, क्लैट(यूजी-पीजी), नाटा) शामिल हैं। वहीं दूसरे स्तर पर आईपीयू के कॉमन एंट्रेस टेस्ट(सीईटी) के माध्यम से, सीयूईटी यूजी और पीजी और कुछ कार्यक्रमों में योग्यता परीक्षाओं के मेरिट के माध्यम से दाखिला होगा। सीटें खाली रहने पर 20 स्नातक डिग्री कार्यक्रमों और 18 स्नातकोत्तर डिग्री प्रोग्राम में सीयूईटी (कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेस टेस्ट) से दाखिले होंगे।
26 अप्रैल से 18 मई तक होगा सीईटी
आईपीयू में दाखिले के लिए कुल 52 कॉमन एंट्रेस टेस्ट(सीईटी) का आयोजन 26 अप्रैल से 18 मई के बीच किया जाएगा। इसके लिए अलग-अलग शहरों में सेंटर बनाए जाएंगे। जिस भी शहर से 50 से अधिक आवेदन आएंगे, वहां इस प्रवेश परीक्षा के लिए सेंटर बनाया जाएगा। एमबीए में दाखिला कैट के माध्यम से, एलएलबी और एलएलएम में क्लैट यूजी-पीजी के माध्यम से होंगे। इसके लिए ऑनलाइन काउंसलिंग एक मई से शुरू होगी। अन्य कार्यक्रमों के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन काउंसलिंग दो जून से शुरु होगी।