आईपीयू का 17वां दीक्षांत समारोह आज
गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (आईपीयू) शुक्रवार को अपना 17वां दीक्षांत समारोह आयोजित कर रहा है। द्वारका कैंपस में आयोजित इस समारोह की अध्यक्षता यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति एवं दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना करेंगे। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, उच्च शिक्षा मंत्री अशीष सूद, मुख्य सचिव धर्मेद्र एवं उच्च शिक्षा सचिव नंदिनी पालीवाल भी समारोह में उपस्थित रहेंगे।
परीक्षा नियंत्रक प्रो. गुलशन कुमार के अनुसार समारोह में यूजी से पीएचडी तक के कुल 24,456 छात्रों को डिग्री प्रदान की जाएगी। इसमें से 110 छात्रों को पीएचडी, 12 को एमफिल, 2, 624 को स्नातकोत्तर, 20,739 को स्नातक, 483 को एमबीबीएस, 488 को एमडी-एमएस एवं आयुर्वेद वाचस्पति की डिग्री प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही 74 छात्रों को स्वर्ण पदक दिए जाएंगे।
इसमें विवि के पूर्व कुलसचिव रहे डॉ. बी.पी जोशी की स्मृति में दिया जाने वाला एक स्वर्ण पदक भी शामिल हैं। इसके साथ ही सिद्धार्थ खिटोलिया अवार्ड के अलावा अशोक साहनी एवं सुमन साहनी अवार्ड क्रमशः टेक्नोलॉजी एवं मेडिसिन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दो छात्रों को दिया जाएगा। समारोह में इंडियन नेशनल साइंस अकादमी के अध्यक्ष पद्मश्री प्रो. आशुतोष शर्मा बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित होंगे। इस दौरान यूनिवर्सिटी के कुलपति पद्मश्री प्रो. डॉ. महेश वर्षों यूनिवर्सिटी की रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।