फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

12वीं पास छात्रों के लिए स्कॉलरशिप पाने का मौका: हर महीने मिलेंगे 5000 रुपये; जानें कौन कर सकता है अप्लाई

Wed, 11 Nov 2026 12:17 PM IST
शिवम तिवारी एजुकेशन डेस्क, अमर उजाला

सार

इंस्पायर SHE स्कॉलरशिप 2026 के लिए आवेदन शुरू हो गए हैं। योग्य विद्यार्थी 7 दिसंबर तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। चयनित छात्रों को हर महीने 5,000 रुपये मिलेंगे। हालांकि, योजना के नए नियमों में कुल आर्थिक सहायता 4 लाख से घटाकर 3.40 लाख रुपये कर दी गई है। पहले साल फेल होने या तय अंक नहीं मिलने पर छात्रवृत्ति का लाभ हमेशा के लिए बंद हो जाएगा।
 
विज्ञापन
INSPIRE SHE Scholarship 2026 - फोटो : AI Generated
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

विज्ञान के क्षेत्र में पढ़ाई और शोध करने की इच्छा रखने वाले विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। केंद्र सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) ने इंस्पायर SHE स्कॉलरशिप 2026 के लिए आवेदन शुरू कर दिए हैं। करीब दो साल के इंतजार के बाद इस योजना के लिए फॉर्म भरे जा रहे हैं। इच्छुक और योग्य विद्यार्थी 7 दिसंबर 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट www.onlineinspire.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। इस योजना का मकसद विज्ञान विषयों में उच्च शिक्षा लेने वाले मेधावी विद्यार्थियों को आर्थिक मदद देना है। हालांकि, इस बार छात्रवृत्ति के नियमों में कुछ बड़े बदलाव किए गए हैं।

 कितनी मिलेगी स्कॉलरशिप?

इंस्पायर SHE योजना के तहत चुने गए विद्यार्थियों को पांच साल तक हर महीने 5,000 रुपये दिए जाएंगे। इस तरह साल भर में 60,000 रुपये की छात्रवृत्ति मिलेगी। इसके अलावा शोध कार्य के लिए तीसरे और चौथे साल में 20,000 रुपये सालाना मेंटरशिप ग्रांट भी दी जाएगी। पहले यह ग्रांट हर साल मिलती थी, लेकिन नए नियमों में इसे केवल दो साल तक सीमित कर दिया गया है। इसी बदलाव के कारण पांच साल में मिलने वाली कुल आर्थिक मदद 4 लाख रुपये से घटकर 3.40 लाख रुपये रह गई है।

कौन कर सकता है आवेदन?

इस योजना के लिए 17 से 22 साल की उम्र वाले वे विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने वर्ष 2025 में 12वीं की परीक्षा पास की है। उम्मीदवारों का किसी मान्यता प्राप्त संस्थान में बीएससी, बीएस या इंटीग्रेटेड एमएससी/एमएस जैसे प्राकृतिक और बुनियादी विज्ञान के पाठ्यक्रमों में दाखिला होना जरूरी है। चयन के लिए 12वीं की बोर्ड परीक्षा में टॉप एक प्रतिशत में जगह बनाने वाले विद्यार्थियों को मौका मिलेगा। इसके अलावा जेईई मेन, जेईई एडवांस्ड या नीट में टॉप 10,000 रैंक, एनटीएसई, जेबीएनएसटीएस पास करने और अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड में पदक जीतने वाले विद्यार्थी भी पात्र हो सकते हैं।

किन छात्रों को मिलेगी प्राथमिकता?

नए नियमों में अलग-अलग पाठ्यक्रमों के आधार पर चयन की प्राथमिकता तय की गई है। सबसे पहले उन विद्यार्थियों को मौका मिलेगा, जिन्होंने अपने बोर्ड में टॉप एक प्रतिशत में जगह बनाई है और इंटीग्रेटेड एमएससी या बीएस-एमएस पाठ्यक्रम में दाखिला लिया है। इसके बाद जेईई या नीट की तय रैंक हासिल करने वाले, एनटीएसई या जेबीएनएसटीएस पास करने वाले और अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड में पदक जीतने वाले विद्यार्थियों पर विचार होगा। इसके बाद नियमित बीएससी और बीएस पाठ्यक्रम में दाखिला लेने वाले टॉप एक प्रतिशत विद्यार्थियों को मौका दिया जाएगा।

 फेल होने पर क्या होगा?

इस बार छात्रवृत्ति जारी रखने के नियम पहले से सख्त कर दिए गए हैं। नए दिशा-निर्देशों के अनुसार, अगर कोई विद्यार्थी पहले साल में फेल होता है या 60 प्रतिशत से कम अंक अथवा 7 सीजीपीए से कम हासिल करता है, तो वह पूरी योजना के लिए अयोग्य हो जाएगा। यानी उसे आगे छात्रवृत्ति नहीं मिलेगी। वहीं, अगर विद्यार्थी बाद के वर्षों में फेल होता है या परीक्षा में शामिल नहीं होता है, तो उसकी छात्रवृत्ति तुरंत बंद कर दी जाएगी। पहले कुछ शर्तें पूरी करने पर अगले साल छात्रवृत्ति दोबारा मिलने का मौका था, लेकिन अब यह सुविधा हटा दी गई है।

आवेदन के लिए कौन से दस्तावेज चाहिए?

आवेदन करते समय विद्यार्थियों को कुछ जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे। इनमें पासपोर्ट साइज फोटो, जन्मतिथि के प्रमाण के लिए 10वीं की मार्कशीट और 12वीं की मार्कशीट शामिल हैं। इसके अलावा कॉलेज के प्रिंसिपल या डायरेक्टर के हस्ताक्षर वाला एंडोर्समेंट फॉर्म भी जमा करना होगा। आवेदन करने से पहले सभी दस्तावेज तैयार रखें और फॉर्म में भरी गई जानकारी ध्यान से जांच लें। योजना के नए नियमों में विज्ञान के स्नातक पाठ्यक्रमों की सूची भी 18 से बढ़ाकर 28 और परास्नातक पाठ्यक्रमों की सूची 30 से बढ़ाकर 35 कर दी गई है। इनमें डेटा साइंस, पर्यावरण विज्ञान और बायोटेक्नोलॉजी जैसे विषय शामिल हैं।
विज्ञापन


 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें