भारत का 'एआई किड' नाम से पहचाने जाने वाले 17 वर्षीय उद्यमी राउल जॉन अजू ने मॉस्को में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) सम्मेलन में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बातचीत की। बातचीत के दौरान अजू ने बताया कि एआई की मदद से पढ़ाई को बच्चों की रुचि और सीखने के तरीके के अनुसार बनाया जा सकता है।
गणित का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा, "
कल्पना कीजिए कि मेरे जैसा एक बच्चा है, जिसे गणित पसंद है। क्या हो अगर मैं तस्वीरों, वीडियो और यहां तक कि खेलों के जरिए गणित सीख सकूं? और वैसे, मैंने एआई भी खेलों के जरिए ही सीखा है।"
गणित की परीक्षा से एक दिन पहले का किस्सा
अजू ने बताया कि गणित की परीक्षा से एक दिन पहले उनके पिता ने उन्हें खेल खेलते देखकर सवाल किया था। उन्होंने कहा, "मेरी गणित की परीक्षा से एक दिन पहले, मेरे पिता ने कहा, ‘तुम खेल कैसे खेल रहे हो? कल तुम्हारी परीक्षा है।’ लेकिन मैंने कहा कि मैं पढ़ाई कर रहा हूं। इस पर उन्होंने कहा, आजकल के बच्चे।"
अजू ने कहा कि इस अनुभव से उन्हें पता चला कि सीखना मजेदार और बच्चे की अपनी जरूरत के मुताबिक भी हो सकता है। उन्होंने कहा, "पूरी बात यह है कि मैं मजेदार तरीके से सीख पा रहा था, है न? मैं अपने तरीके से, अपने हिसाब से सीख पा रहा था। लेकिन 40 बच्चों की कक्षा में एक शिक्षक हर बच्चे की पढ़ाई को उसके हिसाब से कैसे ढाल सकता है? और मेरा मानना है कि यहीं एआई मदद कर सकता है।"
पुतिन क्यों बोले 'लोगों को सोचना सिखाना जरूरी'?
अजू की बात का जवाब देते हुए पुतिन ने कहा कि लोगों को केवल जानकारी याद करना नहीं, बल्कि सोचना सिखाया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने याद करने, सीखने और तर्क करने की क्षमता को भी जरूरी बताया।
पुतिन ने कहा, "
लोगों को यह सिखाना होगा कि वे कैसे सोचें, उन्हें सोचना सिखाना होगा, न कि केवल याद करना। लेकिन आप जानते हैं, लोगों, युवाओं को चीजें याद करना, सीखना और साथ ही तर्क करना भी आना चाहिए।"
एआई पर निर्भरता को लेकर पुतिन ने क्या चिंता जताई?
पुतिन ने एआई के सहायक के रूप में बढ़ते इस्तेमाल पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि तकनीक पर बहुत अधिक निर्भर होने से लोग खुद सोचना और तर्क करना बंद कर सकते हैं। उन्होंने सवाल किया, "आज एआई का इस्तेमाल अक्सर संकेत देने वाले साधन के रूप में, एक सहायक के तौर पर किया जाता है और लोग पूरी तरह सोचना, तर्क करना बंद कर देते हैं—दुर्भाग्य से। क्या यह शिक्षा की प्रक्रिया के लिए खतरा नहीं है, जब आप कृत्रिम बुद्धिमत्ता का सहारा लेते हैं?"
जवाब में अज्जू ने क्या कहा?
पुतिन की चिंता का जवाब देते हुए अजू ने कहा कि एआई को इंसानी सोच की जगह लेने वाले साधन के बजाय सहयोगी के रूप में इस्तेमाल किया जाना चाहिए। अजू ने कहा, "मुझे लगता है कि हमें एआई के साथ मिलकर काम करना चाहिए, न कि उसका इस्तेमाल अपनी पूरी सोच की जगह लेने के लिए करना चाहिए।"
इस बातचीत में शिक्षा को बच्चों की जरूरत के मुताबिक बनाने में एआई की भूमिका और उस पर जरूरत से ज्यादा निर्भर होने के जोखिमों पर चर्चा हुई। अजू ने एआई के साथ सहयोग करने की बात कही, जबकि पुतिन ने याद करने, सीखने और तर्क करने के साथ-साथ स्वतंत्र रूप से सोचने की क्षमता बनाए रखने पर जोर दिया।
कौन हैं केरल के 17 वर्षीय राउल जॉन अजू?
केरल के राउल जॉन अजू कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के क्षेत्र में काम करने वाले युवा उद्यमी हैं। वीडियो एडिटिंग से तकनीक में उनकी रुचि बढ़ी और उन्होंने 12 साल की उम्र में स्कूल के विज्ञान प्रोजेक्ट के लिए रोबोट बनाया। उन्हें ‘AI Kid of India’ के नाम से जाना जाता है।