Odisha: ओडिशा के भद्रक जिले से एक बुरी खबर सामने आई है, जिले के एक स्कूल में पहली कक्षा के एक छात्र पर कंक्रीट का एक टुकड़ा गिर गया। कंक्रीट का टुकड़ा गिरने से छात्र की मौत हो गई है। इस बात की जानकारी पुलिस ने गुरुवार को दी है।
पुलिस ने बताया कि यह यह घटना बुधवार को धुसुरी थाना क्षेत्र के उचपाड़ा प्राथमिक विद्यालय में हुई। उन्होंने बताया कि छह वर्षीय लड़के की पहचान अशित नायक के रूप में हुई है।
एक स्कूल शिक्षक ने कहा कि कंक्रीट का टुकड़ा सिर पर गिरने से छात्र के सिर पर चोटें आईं और वह बेहोश हो गया।
दुर्घटना के बाद, छात्र को असुराली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि वहां से उसे भद्रक जिला अस्पताल भेजा गया, जहां रास्ते में उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।