भारत सरकार के सबसे बड़े थिंक टैंक और योजना सलाहकार नीति आयोग के प्रमुख डॉ राजीव कुमार ने नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के क्रियान्वन के लिए एक जनांदोलन की जरूरत पर जोर दिया है। नीति आयोग के उपाध्यक्ष डॉ राजीव कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को क्रियान्वित करने के लिए एक जनांदोलन की जरूरत है, जो शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी के बिना संभव नहीं है। नीति आयोग पूर्ववर्ती योजना आयोग के उपाध्यक्ष डॉ राजीव कुमार नीति आयोग एवं भारतीय शिक्षण मण्डल द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित शैक्षणिक नेतृत्व विषयक वेब गोष्ठी को संबोधित कर रहे थे।
यह भी पढ़ें : जोर-शोर से चल रही इनॉगरेशन डे की तैयारियां, जानें क्या होता है और क्यों हैं खास
इस ई-गोष्ठी में देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों से लगभग 300 कुलपतियों ने भाग लिया था। इस अवसर पर डॉ राजीव कुमार ने भारतीय बौद्धिक संपदा को विदेशी ताकतों के हाथों में जाने से रोकने एवं उन्हें सुरक्षित रखने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि यह नई शिक्षा नीति न सिर्फ शैक्षणिक बदलाव लाने में सहायक सिद्ध होगी, अपितु विश्व में प्राचीन भारतीय शिक्षण गौरव को स्थापित करने में भी अहम भूमिका निभाएगी। डॉ राजीव कुमार ने कहा कि किसी भी समाज के निर्माण में शिक्षक की अहम भूमिका होती है क्योंकि शिक्षक ही समाज को सही दिशा देने की क्षमता रखता है। अपनी सृजनात्मक क्षमता के जरिये वह न सिर्फ समाज में क्रांतिकारी बदलाव ला सकता है अपितु नवाचारों को स्थापित करके नए शैक्षिक वातावरण का निर्माण भी कर सकता है।