क्या है ANNAM.AI?
ANNAM.AI को कृषि क्षेत्र के लिए एक साझा एआई और डाटा प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसका मकसद खेती से जुड़े विभिन्न संस्थानों, स्टार्टअप, उद्योग और सरकारी एजेंसियों को एक ही डिजिटल ढांचे से जोड़ना है, ताकि सभी मिलकर कृषि के लिए नए तकनीकी समाधान तैयार कर सकें। यह पहल कृषि क्षेत्र को अधिक आधुनिक, डाटा आधारित और तकनीक-संचालित बनाने की दिशा में काम करेगी।
UPI की तरह कृषि के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म
ANNAM.AI को कृषि क्षेत्र के डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर (DPI) के रूप में भी देखा जा रहा है। जिस तरह यूपीआई ने डिजिटल भुगतान के लिए एक साझा और खुला प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराया, उसी तरह ANNAM.AI कृषि क्षेत्र के लिए साझा एआई और डाटा इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार करने की दिशा में काम कर रहा है। इससे अलग-अलग संस्थान और स्टार्टअप एक ही प्लेटफॉर्म का उपयोग करके किसानों के लिए नई सेवाएं विकसित कर सकेंगे।
किसानों को होगा क्या फायदा?
इस पहल के तहत एआई आधारित वेदर स्टेशन (Micro Climate Intelligent Infrastructure) विकसित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य हाइपरलोकल मौसम पूर्वानुमान और माइक्रो-क्लाइमेट मॉनिटरिंग के जरिए किसानों को अधिक सटीक मौसम संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना है। इससे मौसम के अनुसार खेती की योजना बनाना आसान हो सकता है।
एआई देगा कृषि संबंधी सलाह
ANNAM.AI के अंतर्गत ANNAM Chat Engine (ACE) भी विकसित किया जा रहा है। यह एआई आधारित संवाद प्रणाली किसानों तक सही समय पर कृषि संबंधी जानकारी, विशेषज्ञ सलाह और आवश्यक मार्गदर्शन पहुंचाने में मदद करेगी। इसका उद्देश्य विश्वसनीय और समय पर कृषि सलाह को अधिक लोगों तक पहुंचाना है।