फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इग्नू प्रवेश 2026: जुलाई सत्र में दाखिले की अंतिम तिथि 15 सितंबर तक बढ़ाई गई, जानें कैसे भरना है फॉर्म

Tue, 01 Sep 2026 04:20 PM IST
आकाश कुमार एजुकेशन डेस्क, अमर उजाला

सार

IGNOU July Admission 2026: इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय ने जुलाई 2026 सत्र में दाखिले के लिए आवेदन की अंतिम तारीख आगे बढ़ा दी है। इच्छुक उम्मीदवार अब 15 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन से पहले अपार आईडी और जरूरी दस्तावेज तैयार रखें।
 
विज्ञापन
IGNOU, इग्नू - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

IGNOU July Admission 2026: इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने जुलाई 2026 प्रवेश सत्र के लिए आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ा दी है। अब उम्मीदवार 15 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, यह बढ़ी हुई समय सीमा प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों को छोड़कर सभी कार्यक्रमों के लिए लागू है। यानी प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए यह विस्तार लागू नहीं होगा।

विज्ञापन


जो उम्मीदवार जुलाई 2026 सत्र में इग्नू के मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा (ओडीएल) कार्यक्रमों में दाखिला लेना चाहते हैं, वे ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

ओडीएल और ऑनलाइन पाठ्यक्रम के लिए कहां करना होगा आवेदन?

इग्नू के अलग-अलग माध्यम के पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन पोर्टल भी अलग हैं।
  • मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा (ओडीएल) पाठ्यक्रम: ignouadmission.samarth.edu.in
  • ऑनलाइन माध्यम के पाठ्यक्रम: ignouiop.samarth.edu.in

उम्मीदवार को जिस माध्यम के पाठ्यक्रम में दाखिला लेना है, उसी के अनुसार संबंधित पोर्टल पर आवेदन करना होगा।

आवेदन से पहले अपार आईडी क्यों जरूरी है?

इग्नू प्रवेश फॉर्म भरने से पहले उम्मीदवारों को अपनी अपार आईडी तैयार रखने की सलाह दी गई है। आवेदन के दौरान यह जानकारी काम आ सकती है। इसके अलावा उम्मीदवारों को पंजीकरण के समय अपना चालू ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर देना होगा। दोनों का सत्यापन पंजीकरण के दौरान ओटीपी के माध्यम से किया जाएगा।

इसलिए उम्मीदवार वही मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी इस्तेमाल करें, जिस तक उनकी पहुंच बनी हुई हो। आगे की जरूरी जानकारी भी इन्हीं माध्यमों से मिल सकती है।

दाखिला रद्द करने पर पूरी फीस वापस मिलेगी?

इग्नू में दाखिला मिलने के बाद अगर कोई उम्मीदवार प्रवेश रद्द कराने का अनुरोध करता है, तो फीस वापसी के लिए अलग नियम लागू होंगे। यदि दाखिला पुष्टि होने के बाद प्रवेश रद्द करने का अनुरोध मिलता है, तो जमा की गई पाठ्यक्रम फीस में से 15 प्रतिशत राशि काटी जाएगी। हालांकि, यह कटौती अधिकतम 2,000 रुपये तक होगी।

वहीं, जिन विद्यार्थियों ने अध्ययन सामग्री के लिए सॉफ्ट कॉपी का विकल्प चुना है, उनकी फीस वापसी के दौरान पंजीकरण शुल्क काटने के बाद शेष राशि वापस की जाएगी। इसलिए आवेदन और अध्ययन सामग्री का विकल्प चुनते समय उम्मीदवारों को इन नियमों को ध्यान में रखना चाहिए।
विज्ञापन

इग्नू जुलाई सत्र में प्रवेश का फॉर्म कैसे भरें?

इच्छुक उम्मीदवार नीचे दिए गए आसान चरणों की मदद से इग्नू जुलाई 2026 प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं।
  • सबसे पहले इग्नू के ओडीएल प्रवेश पोर्टल ignouadmission.samarth.edu.in पर जाएं।
  • होम पेज पर दिए गए ‘क्लिक हियर फॉर न्यू रजिस्ट्रेशन’ विकल्प पर क्लिक करें।
  • अब पंजीकरण फॉर्म में मांगी गई जानकारी भरें और ‘रजिस्टर’ विकल्प पर क्लिक करें।
  • पंजीकरण पूरा होने के बाद आपकी उपयोगकर्ता आईडी और पासवर्ड पंजीकृत ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर पर भेजे जाएंगे।
  • लॉगिन करके अपने पसंद के पाठ्यक्रम का चयन करें। इसके साथ अध्ययन सामग्री का माध्यम भी चुनना होगा।
  • मांगे गए जरूरी दस्तावेज निर्धारित प्रारूप और आकार के अनुसार अपलोड करें।
  • आवेदन शुल्क का भुगतान करें और इसके बाद ‘सबमिट’ बटन पर क्लिक करें।
  • आवेदन जमा होने के बाद भरे हुए आवेदन फॉर्म का प्रिंटआउट निकालकर सुरक्षित रख लें। भविष्य में इसकी जरूरत पड़ सकती है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें