IGNOU Admission 2025: अगर आप इग्नू (IGNOU) से उच्च शिक्षा प्राप्त करना चाहते हैं, तो आपके पास अभी भी समय है। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय ओपन यूनिवर्सिटी (IGNOU) ने जुलाई 2025 सत्र के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 जुलाई 2025 कर दी है। पहले यह तिथि 15 जुलाई थी, लेकिन छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यूनिवर्सिटी ने इसे बढ़ा दिया है।
अब छात्र IGNOU के 300+ प्रोग्राम्स में दाखिला लेने के लिए ignouadmission.samarth.edu.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
री-रजिस्ट्रेशन भी 31 जुलाई तक
जिन छात्रों का इग्नू में पहले से एडमिशन है और वे अगली कक्षा के लिए री-रजिस्ट्रेशन करना चाहते हैं, उनके लिए भी आखिरी तारीख 31 जुलाई 2025 ही है। इग्नू के किसी भी ओपन या ऑनलाइन प्रोग्राम में दाखिला लेने से पहले छात्रों को अपनी ABC ID के माध्यम से एक DEB-ID बनाना जरूरी है। इसके बिना एडमिशन की प्रक्रिया पूरी नहीं होगी।
किन कोर्स में मिल रहा है मौका?
इग्नू जुलाई 2025 सत्र में छात्रों को विभिन्न प्रकार के प्रोग्राम में दाखिला लेने का अवसर दे रही है। इस सत्र में कुल 300 से अधिक कोर्स उपलब्ध हैं, जिनमें से 48 अंडरग्रेजुएट प्रोग्राम (जैसे B.A., B.Com., BBA आदि) और 75 पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम (जैसे M.A., M.Sc., MBA आदि) शामिल हैं। इसके अलावा, डिप्लोमा, पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा, सर्टिफिकेट और अवेयरनेस प्रोग्राम्स की भी एक लंबी श्रृंखला है।
इग्नू कुछ विशेष उपयोगी कोर्स जैसे बी कीपिंग (मधुमक्खी पालन), ऑर्गेनिक खेती जैसे प्रैक्टिकल और रोजगारोन्मुख सर्टिफिकेट प्रोग्राम भी ऑफर कर रही है। ये सभी कोर्स ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ODL) और ऑनलाइन मोड में उपलब्ध हैं, जिससे विद्यार्थी अपनी सुविधा अनुसार पढ़ाई कर सकते हैं।