फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

HPBOSE: हिमाचल बोर्ड कक्षा 10वीं-12वीं परीक्षा से छूटे अभ्यर्थियों को मिलेगा विशेष मौका, मूल्यांकन कार्य शुरू

Mon, 07 Apr 2025 04:01 PM IST
शिवम गर्ग एजुकेशन डेस्क, अमर उजाला

सार

HPBOSE: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड प्रबंधन  वार्षिक परीक्षाओं के दौरान किसी कारणवश परीक्षा देने से छूटे अभ्यर्थियों की विशेष परीक्षा लेगा। इसके अलावा 10वीं-12वीं कक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य भी शुरू हो गया है।
विज्ञापन
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

HPBOSE: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से मार्च में संचालित की गई वार्षिक परीक्षाओं के दौरान किसी कारणवश परीक्षा देने से छूटे अभ्यर्थियों की बोर्ड प्रबंधन विशेष परीक्षा लेगा। इसके अलावा मार्च में संचालित की गई 10वीं-12वीं कक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य भी आज यानी 7 अप्रैल से शुरू हो गया है। 

विज्ञापन


पहले चरण में दोनों कक्षाओं के पांच-पांच विषयों का मूल्यांकन किया जाएगा। जिन परीक्षकों ने अपनी सहमति दी है, उनके नियुक्ति पत्र चार अप्रैल को स्कूलों की लॉगिन आईडी पर उपलब्ध करवा दिए गए थे।

विशेष परीक्षा का होगा आयोजन

बोर्ड प्रबंधन द्वारा विशेष परीक्षा मई और जून में करवाई जाएगी। इसके लिए शिक्षा बोर्ड जल्द ही आवेदन प्रक्रिया शुरू करेगा। प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाएं मार्च में हुई हैं। उस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम खराब रहा, जिसके चलते लाहौल-स्पीति और पांगी क्षेत्र के कई स्कूलों की शुरुआती तीन-चार विषयों की परीक्षाओं को स्थगित करना पड़ा था। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी खराब मौसम या अन्य किसी कारण से परीक्षा देने से छूटे अभ्यर्थियों का एक वर्ष बचाने के लिए बोर्ड प्रबंधन ने विशेष परीक्षा लेने का फैसला लिया है।

इस दौरान आवेदन करने वाले परीक्षार्थियों को परीक्षा छूटने का विशेष कारण बताना पड़ेगा, उसके बाद ही उसकी परीक्षा ली जाएगी। प्रदेश भर में छूटे इन अभ्यर्थियों से शिक्षा बोर्ड जल्द ही आवेदन मांगेगा, जबकि इन विशेष परीक्षार्थियों की परीक्षाएं भी मई-जून में संचालित की जाएंगी। इस संदर्भ में स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा का कहना है बोर्ड प्रबंधन ने विद्यार्थियों का एक साल बचाने के लिए विशेष परीक्षा करवाने का फैसला लिया है। ताकि छूटे विद्यार्थी भी परीक्षा दे सकें।

मूल्यांकन कार्य शुरू

प्रथम चरण में 10वीं कक्षा के अंग्रेजी, हिंदी, विज्ञान, गणित और कंप्यूटर साइंस और कक्षा 12वीं के हिंदी, गणित, फिजिक्स, सामाजिक विज्ञान और इकॉनोमिक्स विषयों की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का आरंभ किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश के समस्त स्कूल प्रमुखों को सूचित किया है कि 7 अप्रैल को उत्तर पुस्तिकाओं के लिए अपने अधीनस्थ अध्यापकों को मूल्यांकन कार्य के लिए भारमुक्त करें। वहीं, उन्होंने मूल्यांकन के लिए नियुक्त अध्यापकों को 7 अप्रैल को मूल्यांकन केंद्रों में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाने के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन

प्रदेश भर में 2300 परीक्षा केंद्रों में 1.95 लाख के करीब विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। शिक्षा बोर्ड रिजल्ट को तय समय में निकाल सके, इसके लिए भी बोर्ड प्रबंधन ने साथ तैयारियां शुरू कर दी हैं। शिक्षा बोर्ड इस बार 52 परीक्षा केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करवाएगा, जबकि मार्च, 2024 में हुई बोर्ड परीक्षाओं के दौरान इन केंद्रों की संख्या 60 के करीब थी। बोर्ड की वार्षिक परीक्षाएं चार मार्च से शुरू हुई हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें