एपल में किन-किन टीमों में नौकरी के मौके मिलते हैं?
एपल में अलग-अलग रुचि और विशेषज्ञता वाले लोगों के लिए करियर के कई विकल्प मौजूद हैं। कंपनी में तकनीकी क्षेत्रों के साथ-साथ डिजाइन, कारोबार, संचालन और ग्राहक सहायता से जुड़े पदों पर भी नियुक्तियां होती हैं। कंपनी की प्रमुख टीमों में शामिल है:
- मशीन लर्निंग और एआई
- हार्डवेयर
- सॉफ्टवेयर और सर्विसेज
- डिजाइन
- ऑपरेशन और सप्लाई चेन
- मार्केटिंग
- कॉरपोरेट फंक्शन
- एपल रिटेल
- सेल्स और बिजनेस डेवलपमेंट
- सपोर्ट और सर्विसेज
इसलिए उम्मीदवार अपनी पढ़ाई, कौशल और रुचि के अनुसार अलग-अलग जॉब रोल के लिए आवेदन कर सकते हैं।
एपल में नौकरी के लिए कौन सी पढ़ाई करनी होती है?
एपल में सभी पदों के लिए एक जैसी शैक्षणिक योग्यता नहीं है। नौकरी की जिम्मेदारी और क्षेत्र के हिसाब से योग्यता और कौशल की मांग अलग हो सकती है।
उदाहरण के लिए:
- सॉफ्टवेयर से जुड़े पदों के लिए बीटेक, बीई या एमसीए जैसी डिग्री के साथ प्रोग्रामिंग का अच्छा ज्ञान उपयोगी होता है।
- हार्डवेयर से जुड़े पदों के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स या इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की जरूरत हो सकती है।
- डिजाइन से जुड़े पदों के लिए संबंधित शिक्षा के साथ रचनात्मक सोच, डिजाइनिंग टूल्स की जानकारी और मजबूत पोर्टफोलियो अहम होता है।
- एपल के रिटेल स्टोर से जुड़े पदों पर अच्छी बातचीत करने की क्षमता और बिक्री से जुड़े कौशल की जरूरत होती है।
इसका मतलब है कि एपल में करियर के लिए आपकी डिग्री के साथ उससे जुड़े व्यावहारिक कौशल भी महत्वपूर्ण हैं।
एपल में कितनी सैलरी मिलती है?
एपल में मिलने वाला वेतन पद, जिम्मेदारी, उम्मीदवार की विशेषज्ञता और अन्य कारकों के आधार पर अलग-अलग हो सकता है। Indeed.com पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, एपल में कुछ तकनीकी पदों पर सालाना वेतन करोड़ों रुपये तक बताया गया है। हालांकि, अलग-अलग पदों और स्तरों पर वेतन में अंतर हो सकता है।
- सॉफ्टवेयर इंजीनियर की सालाना सैलरी करीब 1.55 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई गई है।
- मशीन लर्निंग इंजीनियर और सीनियर सॉफ्टवेयर इंजीनियर की सालाना सैलरी करीब 1.88 करोड़ रुपये तक बताई गई है।
- इंजीनियरिंग प्रोग्राम मैनेजर की सालाना सैलरी करीब 1.76 करोड़ रुपये, जबकि सॉफ्टवेयर इंजीनियर के लिए यह 1.77 करोड़ रुपये तक बताई गई है।
डिस्कलेमर: यहां बताई गई सैलरी कोई गारंटी नहीं है। पद और लोकेशन के अनुसार सैलरी पैकेज में बदलाव हो सकते हैं।
फ्रेशर्स के लिए क्या रास्ता होता है?
एपल की आधिकारिक करियर वेबसाइट पर छात्रों के लिए इंटर्नशिप और अन्य अवसर भी उपलब्ध होते हैं। इंटर्नशिप और पार्ट-टाइम अवसर करियर शुरू करने के बढ़िया रास्ते हैं:
भारत में एपल की नौकरी सूची में शुरुआती करियर से जुड़ी सॉफ्टवेयर इंजीनियर की भूमिका में कंप्यूटर साइंस या समकक्ष क्षेत्र में स्नातक डिग्री, तीन साल से कम कार्य अनुभव और ऑब्जेक्ट-ओरिएंटेड डिजाइन, डेटा स्ट्रक्चर, एल्गोरिदम, जावा और पाइथन जैसी योग्यताओं का उल्लेख किया गया था।
इसलिए कॉलेज के दौरान केवल परीक्षा और डिग्री पर निर्भर रहने के बजाय अपने विषय से जुड़े व्यावहारिक कौशल और प्रोजेक्ट पर काम करना उपयोगी तैयारी हो सकती है।
एपल में नौकरी के लिए आवेदन कैसे करें?
एपल में नौकरी के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया ऑनलाइन है। उम्मीदवार नीचे दिए गए तरीके से अपनी पसंद की नौकरी खोजकर आवेदन कर सकते हैं।
- सबसे पहले एपल की आधिकारिक जॉब वेबसाइट jobs.apple.com पर जाएं।
- वेबसाइट पर Careers at Apple सेक्शन में जाएं।
- यहां आपको Overview, Work at Apple, Life at Apple, My Profile, Sign in और Search Roles जैसे विकल्प दिखाई देंगे।
- अब Search Roles विकल्प पर क्लिक करें।
- जिस पद के लिए नौकरी तलाश रहे हैं, उसका नाम या उससे संबंधित कीवर्ड दर्ज करें।
- जरूरत के अनुसार लोकेशन, कीवर्ड, टीम और भाषा से जुड़े विकल्पों का इस्तेमाल करके सर्च को सीमित कर सकते हैं।
- सर्च करने पर उपलब्ध पदों के साथ उनकी तारीख, विभाग और लोकेशन की जानकारी दिखाई देगी।
- जिस पद के लिए आवेदन करना चाहते हैं, उस पर क्लिक करें।
- आवेदन करने से पहले पद की जिम्मेदारियां, भूमिका और जरूरी योग्यता को ध्यान से पढ़ें।
- इसके बाद Submit Resume विकल्प पर क्लिक करें।
- आवेदन प्रक्रिया के दौरान अपनी ईमेल आईडी और फोन नंबर जैसी जरूरी जानकारी देकर अकाउंट बनाएं।
- लॉगिन करने के बाद मांगी गई सभी जानकारी भरें और अपना अपडेटेड रिज्यूम अपलोड कर दें।
इस तरह उम्मीदवार एपल में अपनी योग्यता और रुचि के मुताबिक उपलब्ध पदों को खोजकर सीधे आवेदन कर सकते हैं।