गुजरात में नौवीं व ग्यारहवीं कक्षा के छात्रों के लिए स्कूल 1 फरवरी से खुलेंगे। इस बात की जानकारी सूबे के शिक्षा मंत्री ने दी है। उनका कहना है कि नौवीं और ग्यारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए कक्षाओं का संचालन अगले महीने की एक फरवरी से होगा। न्यूज एजेंसी 'एएनआई' से बातचीत करते हुए सूबे के शिक्षा मंत्री भूपेंद्र सिंह चुडासमा ने कहा कि कोरोना वायरस के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सूबे में नौवीं से लेकर ग्यारहवीं कक्षा के छात्रों के लिए कक्षाओं का संचालन 1 फरवरी से होगा।
छात्रों को स्कूल आने के लिए अभिभावकों से लिखित अनुमति लेनी होगी। गौरतलब है कि सूबे में पिछले साल मार्च से ही कोरोना वायरस के बचाव के लिए स्कूलों को बंद कर दिया गया था। अब अगले महीने से नौवीं और ग्यारहवीं कक्षा के छात्रों के लिए फिर से कक्षाओं का संचालन किया जाएगा।