गुजरात सेकेंडरी और हायर सेकेंडरी एजुकेशन बोर्ड (GSEB) ने दसवीं और बारहवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है। सूबे की सरकार पहले ही यह कह चुकी है कि कोरोना वायरस की वजह से पैदा हुई स्थिति की समीक्षा के बाद 15 मई या उसके बाद परीक्षाओं की संशोधित तिथि पर निर्णय लिया जाएगा। ऐसे में बोर्ड की 10 वीं और 12 वीं परीक्षा पर निर्णय इसी सप्ताह आने की उम्मीद है। गौरतलब है कि कोरोना वायरस की दूसरी लहर की वजह से संक्रमित मरीजों की संख्या में इजाफा आने के कारण लगभग सभी राज्यों ने दसवीं और बारहवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है। सीबीएसई बोर्ड और आईसीएसई बोर्ड भी बारहवीं कक्षा की परीक्षा को स्थगित और दसवीं की परीक्षा को रद्द कर चुकी है।