GATE 2022: 9 लाख छात्र शामिल होंगे
याचिकाकर्ताओं के वकील पल्लव मोंगिया ने कोर्ट में बताया कि गेट 2022 परीक्षा में 9 लाख छात्र शामिल हो रहे हैं। परीक्षा शनिवार से 200 केंद्रों पर होनी हैं, लेकिन परीक्षा प्राधिकरण की ओर से अब तक कोई भी कोरोना गाइडलाइन से जुड़ी जानकारी नहीं दी गई है। मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधिश एनवी रमण, न्यायाधिश एएस बोपन्ना और न्यायाधिश हिमा कोहली करेंगे।
GATE 2022: इसी महीने में होगी परीक्षा
गेट 2022 का आयोजन फरवरी महीने में 5, 6, 12 और 13 तारीख को किया जाना प्रस्तावित है। इस साल गेट परीक्षा का आयोजन भारतीय प्रौद्योगिकी (आईआईटी) खड़गपुर कर रहा है। लंबे समय से छात्र इस परीक्षा को टालने की मांग कर रहे हैं। परीक्षा का आयोजन ऑफलाइन मोड में किया जाना हैं। करीब 23 हजार छात्रों ने इसके लिए याचिका पर हस्ताक्षर भी किए हैं।
GATE 2022: संस्थान ने नहीं दी है प्रतिक्रिया
छात्रों की ओर से गेट 2022 को टालने की मांग पर अब तक आईआईटी खड़गपुर की ओर से कोई भी आधिकारिक बयान नहीं आया है। इससे पहले सोशल मीडिया पर एक पुराना नोटिस वायरल हो गया था, इससे कयास लगाए जाने लगे थे कि परीक्षा स्थगित की जा सकती है। हालांकि, आईआईटी खड़गपुर ने सूचना जारी कर बताया कि परीक्षा को स्थगित नहीं किया गया है।
GATE 2022: प्रवेश पत्र हो चुके हैं जारी
आईआईटी खड़गपुर ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट gate.iitkgp.ac.in पर गेट 2022 का प्रवेश पत्र भी जारी कर दिया है। छात्र अपने पंजीयन क्रमांक और पासवर्ड की मदद से लॉगिन कर के प्रवेश पत्र को डाउनलोड कर सकते हैं।