पंजाब, हरियाणा समेत सात राज्य साथी पोर्टल से जुड़े
पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर समेत सात राज्य साथी पोर्टल से जुड़ चुके हैं, जबकि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल, दिल्ली, झारखंड समेत अन्य राज्य जल्द जुड़ेंगे।
सीनियर छात्र करेंगे मदद
आईआईटी और एम्स के सीनियर छात्र मेंटर बनकर तैयारी में मदद करेंगे। कोई भी लाइव सत्र में व्यक्तिगत मार्गदर्शन के साथ सलाह ले सकता है। इसमें प्रश्नों को हल करने, समझ बढ़ाने के आधार पर प्रतिदिन काम होगा। साथी पोर्टल राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत बनाया गया है।
मॉक टेस्ट किए गए हैं तैयार
साथी पोर्टल पर कक्षा 11वीं व 12वीं के लिए विशेषज्ञों ने मॉक टेस्ट तैयार किए हैं। क्यूआर कोड स्कैनिंग आधारित इंटरैक्शन एप तैयार किया है। 45 दिन का क्रैश कोर्स भी होगा। तैयारी के बाद सेल्फ असेसमेंट का मौका भी मिलेगा। एआई आधारित मूल्यांकन से सीखने की प्रगति ट्रैक होगी। एनसीईआरटी वीडियो समाधान, लाइव कक्षाएं, एनसीईआरटी पाठ्यक्रम पर आधारित पुस्तकों से सिखाया जाएगा।
पंचायतों की लेंगे मदद, सरकारी स्कूलों पर फोकस
शिक्षा विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, फ्री कोचिंग में भौगोलिक आधार, आर्थिक रूप कमजोर वर्ग, ग्रामीण व दूरदराज के छात्रों को ध्यान में रखकर गुणवत्ता युक्त फ्री कोचिंग का रोडमैप बनेगा। सरकारी स्कूलों के छात्रों को जोड़ने पर फोकस होगा। पंचायतों की भी मदद ली जाएगी।
लाखों सवाल-जवाब, हजारों घंटे के वीडियो लेक्चर
साथी पोर्टल में लाखों प्रश्न-उत्तर के साथ हजारों घंटे के वीडियो लेक्चर का बैंक बना है। छात्र अपनी सुविधा से कभी भी नीट, जेईई, दसवीं व 12वीं बोर्ड परीक्षा, क्लैट, सीयूईटी, एसएससी, बैंकिंग समेत अन्य परीक्षाओं की ऑनलाइन और टीवी दोनों माध्यम में तैयारी कर सकते हैं। इसमें एंड्रॉइड व आईओएस के अलावा सात डीटीएच चैनल भी हैं।
58 से 60 हजार करोड़ का है कोचिंग बाजार
एक सामान्य आकलन के अनुसार देश में निजी कोचिंग का बाजार करीब 58,000 से 60,000 करोड़ का है। सरकार की तैयारी सही से परवान चढ़ गई तो आम भारतीय परिवारों के इस मद में होने वाले खर्च की बचत होने लगेगी। इससे देश की अर्थव्यवस्था में भी सुधार आ जाएगा। यही नहीं, निजी संस्थानों में पढ़ाई को लेकर बनाए जाने वाला दबाव भी घटेगा।