उम्मीदवारों को दोबारा से दाखिले का मौका देने पर डीयू को 12210 पंजीकरण मिले थे। इसके लिए दाखिला की प्रक्रिया 23 सितंबर से शुरू हुई थी और 29 सितंबर रात को संपन्न हो गई। डीयू दाखिला डीन प्रो. हनीत गांधी ने बताया कि ऑन द स्पॉट मॉपअप राउंड के तहत करीब 1600 सीटों पर दाखिले हुए। सीटे ज्यादातर लैंग्वेज कोर्सेज में खाली पड़ी है। खाली सीटों को लेकर समीक्षा की जाएगी। आंकड़ों का विश्लेषण करेंगे। इस बार कुल 72 हजार दाखिले हुए। पिछले वर्ष भी इतनी संख्या में दाखिले हुए थे। अब यूजी के लिए दाखिला प्रक्रिया पूरी तरह से खत्म हो गई है।
एनसीवेब में दाखिला प्रक्रिया जारी
डीयू के नॉन कॉलेजिएट वीमेंस एजुकेशन बोर्ड (एनसीवेब) के केंद्रों में बीए और बीकॉम प्रोग्राम में दाखिले को लेकर प्रक्रिया जारी है। पंजीकरण करने वाले उम्मीदवारों को दोबारा से दाखिले का मौका दिया गया है। उम्मीदवार दो अक्तूबर तक केंद्र में दाखिले के लिए आवेदन कर सकते हैं। केंद्र तीन अक्तूबर तक दाखिले संबंधी औपचारिकता को पूरा करेंगे। जबकि फीस भुगतान की आखिरी तारीख चार अक्तूबर है। यह दाखिला लेने का आखिरी का मौका है।