सीट स्वीकार करने और प्रवेश प्रक्रिया पूरी करना जरूरी
दूसरे राउंड में सीट पाने वाले उम्मीदवारों को तय समय सीमा के भीतर CSAS UG पोर्टल पर लॉग इन करके अपने आवंटित कॉलेज और कोर्स को स्वीकार करना होगा। सीट स्वीकार करने के बाद संबंधित कॉलेज उम्मीदवारों के आवेदन और दस्तावेजों का ऑनलाइन सत्यापन करेंगे।
कॉलेज की ओर से आवेदन मंजूर होने के बाद उम्मीदवारों को अपनी सीट पक्की करने के लिए प्रवेश शुल्क जमा करना होगा। यदि कोई उम्मीदवार निर्धारित समय सीमा के भीतर सीट स्वीकार करने, सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने या शुल्क जमा करने में असफल रहता है, तो उसका अस्थायी सीट आवंटन रद्द किया जा सकता है।
DU UG Admission 2026: दूसरे राउंड में 24,814 सीटों का आवंटन
दिल्ली विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में स्नातक कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए दूसरे राउंड की सीट आवंटन सूची जारी कर दी है। इस राउंड में विभिन्न यूजी कोर्सों की बची हुई सीटों पर 24,814 आवंटन किए गए हैं, जिससे बड़ी संख्या में छात्रों को दाखिले का मौका मिलेगा।
विश्वविद्यालय ने इस राउंड में भी उपलब्ध सीटों से अधिक आवंटन किया है। ऐसा इसलिए किया गया है ताकि बाद के राउंड में सीटें खाली न रहें। इससे पहले पहले राउंड में भी डीयू ने इसी प्रक्रिया के तहत सीटों से अधिक आवंटन किया था।
पहले राउंड में 81 हजार से अधिक छात्रों ने स्वीकार की सीट
डीयू के पहले राउंड में 71,624 सीटों के मुकाबले 90,033 सीटों का आवंटन किया गया था। इनमें से 81 हजार से अधिक उम्मीदवारों ने अपनी आवंटित सीट स्वीकार की थी। दूसरे राउंड की सीट आवंटन सूची जारी होने के साथ ही प्रवेश प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
अब सीट पाने वाले उम्मीदवारों को निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी सीट स्वीकार करनी होगी। इसके बाद संबंधित कॉलेज आवेदन और दस्तावेजों का सत्यापन करेंगे। सत्यापन पूरा होने पर उम्मीदवारों को प्रवेश शुल्क जमा कर अपनी सीट पक्की करनी होगी।