DU Admission 2026: दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) ने सीएसएएस-यूजी 2026 के तहत स्नातक (UG) प्रवेश के तीसरे राउंड का शेड्यूल जारी कर दिया है। इसके साथ ही उन छात्रों को भी एक और मौका दिया गया है, जिन्होंने अब तक रजिस्ट्रेशन नहीं कराया था। ऐसे छात्र 3 अगस्त 2026 से मिड-एंट्री प्रक्रिया के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।
विश्वविद्यालय के अनुसार, प्रवेश के पहले दो राउंड में 71,000 से अधिक छात्र 2026-27 शैक्षणिक सत्र के लिए अपना दाखिला पक्का कर चुके हैं। तीसरे राउंड के जरिए बाकी सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
मिड-एंट्री और प्रेफरेंस बदलने का मौका
जो छात्र मिड-एंट्री के माध्यम से DU में आवेदन करना चाहते हैं, उन्हें 1,000 रुपये का नॉन-रिफंडेबल शुल्क जमा करना होगा। यानी एक बार फीस जमा होने के बाद इसे वापस नहीं किया जाएगा। मिड-एंट्री के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 3 अगस्त सुबह 10 बजे से 5 अगस्त शाम 4:59 बजे तक खुली रहेगी।
रजिस्ट्रेशन के बाद छात्रों को अपने पसंदीदा कॉलेज और कोर्स की प्राथमिकता (Preference) बदलने का भी अवसर मिलेगा। इसके लिए 6 अगस्त सुबह 10 बजे से 7 अगस्त शाम 4:59 बजे तक प्रेफरेंस री-ऑर्डरिंग विंडो खुली रहेगी, जिसमें छात्र अपनी पसंद के अनुसार विकल्पों में बदलाव कर सकेंगे।