जिम्मेदारी से न भागें
जब समय कम हो और परिणामों को लेकर स्पष्टता न हो, तो फैसला लेना और भी कठिन हो जाता है। चूंकि हर व्यक्ति का अनुभव अलग होता है, इसलिए जो निर्णय किसी के लिए मुश्किल है, वह दूसरे के लिए आसान भी हो सकता है। अक्सर लोग तनाव और जिम्मेदारी के डर से कठिन फैसलों से बचते हैं। ऐसी सोच से निकलना जरूरी है। बेहतर निर्णय वही होता है, जिसमें जल्दबाजी के बजाय सभी पहलुओं पर शांत होकर विचार किया जाए।
अधिक विकल्पों से बचें
अक्सर लोग यह मानते हैं कि जितने ज्यादा विकल्प होंगे, उतना ही बेहतर फैसला लिया जा सकेगा। लेकिन हकीकत में बहुत सारे विकल्प उलझन बढ़ा देते हैं और सही निर्णय लेना मुश्किल हो जाता है। जब विकल्प अधिक होते हैं, तो मन बार-बार तुलना में फंस जाता है और फैसला टलता रहता है। इसलिए निर्णय लेते समय विकल्पों को सीमित रखना समझदारी है। कम विकल्प होने पर सोच साफ रहती है, निर्णय जल्दी होता है और चुने गए फैसले पर भरोसा भी बना रहता है।
तरीके पहचानें
कठिन फैसले बेहतर ढंग से लेने के लिए सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि आप किन निर्णयों से बचने की कोशिश कर रहे हैं और क्यों। जब आप अपनी उलझन की वजह पहचान लेते हैं, तो समाधान ढूंढना आसान हो जाता है। इस दौरान किसी अनुभवी व्यक्ति, परिवार के सदस्य, दोस्त या सहकर्मी से बात करना भी मददगार होता है, क्योंकि बाहरी नजर कई बार नई स्पष्टता देती है। याद रखें, विकल्पों का होना आपके पास चुनने की ताकत दिखाता है, न कि परेशानी। इसलिए समय-समय पर खुद का आकलन करते रहें।
अफसोस न करें
असफल होने का डर अक्सर फैसले को बोझिल बना देता है और नतीजे भी मनचाहे नहीं होते। इससे बचने का एक तरीका यह है कि जिस विकल्प को आप चुनें, उसे पूरी तरह स्वीकार करें और दूसरे विकल्पों से तुलना न करें। भले ही कठिन निर्णय लेना आसान न हो, लेकिन आत्म-जागरूकता, सोच की स्पष्टता और मन की संतुष्टि पर ध्यान देकर इस प्रक्रिया को कहीं अधिक सहज और कम तनावपूर्ण बनाया जा सकता है।