दिल्ली विश्वविद्यालय में सुपर हाई कटऑफ के बावजूद दाखिलों पर ब्रेक नहीं लगा। दाखिले के पहले ही दिन हिंदू और रामजस कॉलेज में राजनीति शास्त्र ऑनर्स कोर्स में 100 फीसदी अंक वाले केरल, तमिलनाडु और तेलंगाना बोर्ड के विद्यार्थियों ने दाखिला लेकर सीटें लगभग भर दिया, जहां हिंदू कॉलेज में राजनीति शास्त्र में 31 दाखिलों में से 8 दाखिले 100 फीसदी अंक वाले विद्यार्थियों ने लिए। यह सभी केरल बोर्ड के विद्यार्थी रहे। दूसरी ओर रामजस कॉलेज में राजनीति शास्त्र में 72 दाखिले हुए, जिसमें से 8 दाखिले 100 फीसदी अंक वालों रहे।
हिंदू कॉलेज ने सभी कॉलेजों में सबसे अधिक राजनीति शास्त्र की कटऑफ 99 फीसदी रखी थी। कॉलेज को उम्मीद थी कि इससे दाखिले थोड़े संतुलित होंगे। वहीं इसी कॉलेज में फिजिक्स ऑनर्स के लिए 100 फीसदी अंक वाले 27 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है। इस कॉलेज में अन्य पाठ्यक्रमों में भी 100 फीसदी अंक वाले विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है।