देश की राजधानी दिल्ली में 12 फर्जी स्कूल बोर्ड चल रहे हैं। उक्त बोर्ड किसी भी सरकार से मान्यता प्राप्त नहीं है। ऐसे स्कूलों में पढ़ाई करने के बाद नौकरी या उच्च शिक्षा में दाखिला नहीं मिलेगा। यह खुलासा दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय ने किया है।
दिल्ली सरकार ने शुक्रवार को छात्रों और अभिभावकों से स्कूलों में दाखिला लेने से पहले मान्यता देने वाले बोर्ड की सत्यता जांचने का आग्रह किया है। सीबीएसई, आईसीएसई और एनआईओएस ही मान्यता प्राप्त बोर्ड है।
फर्जी बोर्ड की सूची में उर्दू एजुकेशन बोर्ड, ग्रामीण मुक्त विद्यालय शिक्षा संस्थान, दिल्ली बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन, द सेंट्रल बोर्ड ऑफ हायर सेकेंडरी एजुकेशन, नेशनल ओपन स्कूल एंड बोर्ड ऑफ सेकेंडरी ओपन एजुकेशन दिल्ली, हायर सेकेंडरी एजुकेशन बोर्ड ऑफ दिल्ली, स्टेट काउंसिल ऑफ सीनियर सेकेंडरी ओपन एजुकेशन, दिल्ली बोर्ड ऑफ सीनियर सेकेंडरी एजुकेशन, बोर्ड ऑफ हायर सेकेंडरी एजुकेशन, काउंसिल ऑफ सेकेंडरी एंड हायर सेकेंडरी एजुकेशन दिल्ली, द सेंट्रल बोर्ड ऑफ हायर एजुकेशन दिल्ली शामिल है।