Delhi: दिल्ली छावनी बोर्ड के स्कूलों में जल्द रोबोटिक्स लैब स्थापित की जाएंगी। बोर्ड ने आईआईटी दिल्ली के टेक्नोलॉजी इनोवेशन हब के सहयोग से आयोजित रोबोटिक्स प्रशिक्षण और प्रतियोगिता के सफल समापन के बाद यह घोषणा की। गर्मी की छुट्टियों में दिल्ली छावनी बोर्ड के विद्यालयों के करीब 400 विद्यार्थियों ने रोबोटिक्स प्रशिक्षण और प्रतियोगिता में भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने माइक्रोकंट्रोलर, कोडिंग, मोटर, सेंसर, रोबोटिक्स आदि की बारीकियां सीखीं। बोर्ड का मानना है कि रोबोटिक्स लैव बनने के बाद यह प्रशिक्षण नियमित रूप से विद्यार्थियों को उपलब्ध कराया जा सकेगा। प्रशिक्षण के अंतिम चरण में विद्यार्थियों ने आईआर और अल्ट्रासोनिक सेंसर की मदद से लाइन फॉलोअर रोबोट तैयार किए।
जूनियर और सीनियर दोनों वर्गों की प्रतियोगिताओं में इन रोबोट ने निर्धारित ट्रैक पर प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने अपने मॉडल के जरिए तकनीकी समझ, नवाचार, टीमवर्क और समस्या समाधान क्षमता का परिचय दिया।
आईआईटी से तकनीक सीख रहे बच्चे
कार्यक्रम का आयोजन आईएचएफसी, आईआईटी दिल्ली के सहयोग से किया गया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को प्रयोग आधारित प्रशिक्षण दिया। बोर्ड का मानना है कि ऐसे सहयोग से स्कूली शिक्षा को नई तकनीकों के साथ जोड़ने में मदद मिलेगी। शनिवार को समापन समारोह में दिल्ली छावनी बोर्ड के अध्यक्ष ब्रिगेडियर पीके मिश्रा ने कहा कि वैज्ञानिक सोच और नवाचार ही विकसित भारत की नींव हैं।