CUET PG Admission: दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातकोत्तर (पीजी) कार्यक्रमों में दाखिले का इंतजार खत्म हो गया है। विश्वविद्यालय ने शनिवार से करीब 82 पीजी प्रोग्राम की 13 हजार से अधिक सीटों के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। दो वर्षीय पीजी कोर्स में दाखिले के इच्छुक अभ्यर्थी 7 जून रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ ही उन्हें कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (सीएसएएस) के तहत कॉलेज और विभाग का चयन भी करना होगा।
इस बार विश्वविद्यालय ने आवेदन प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित और सरल बनाने के लिए डिजीलॉकर-एपीआई सेतु सुविधा भी शुरू की है। इसके तहत अभ्यर्थियों की व्यक्तिगत जानकारी और सीयूईटी स्कोर स्वतः इंटीग्रेट होंगे। इससे डुप्लीकेट डेटा की समस्या कम होगी और आवेदन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी।
डीयू अधिकारियों के अनुसार, एक वर्षीय पीजी कार्यक्रमों के लिए आवेदन प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। इसमें केवल वे छात्र आवेदन कर सकेंगे जिन्होंने चार वर्षीय ऑनर्स विद रिसर्च/एंटरप्रेन्योरशिप प्रोग्राम किया हो या संबंधित विषय में चार वर्षीय स्नातक डिग्री पूरी की हो। विश्वविद्यालय ने छात्रों को प्रवेश संबंधी ताजा अपडेट नियमित रूप से पोर्टल पर देखते रहने की सलाह दी है।