6 मार्च से हुई परीक्षा
राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने स्नातकोत्तर कार्यक्रमों के लिए सामान्य विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (CUET PG 2026) को 157 विषयों के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) मोड में आयोजित किया। यह परीक्षा 6, 7, 8, 9, 10, 11, 12, 13, 16, 17, 18, 19, 24, 25, 27, 29 और 30 मार्च 2026 को संपन्न हुई। अब इसकी अनंतिम उत्तर कुंजी और प्रश्न पत्र, जिसमें उम्मीदवारों द्वारा दर्ज उत्तर शामिल हैं, आधिकारिक वेबसाइट exams.nta.nic.in/cuet-pg पर उपलब्ध करा दिए गए हैं।
उत्तर कुंजी पर आपत्ति दर्ज करने की प्रक्रिया
जो उम्मीदवार अनंतिम उत्तर कुंजी से असंतुष्ट हैं, वे प्रत्येक प्रश्न के लिए 200 रुपये (केवल दो सौ रुपये) का अप्रतिदेय प्रसंस्करण शुल्क जमा करके आपत्ति दर्ज कर सकते हैं। उत्तर कुंजी को चुनौती देने की प्रक्रिया 11 अप्रैल 2026 से शुरू होकर 14 अप्रैल 2026 तक चलेगी।
प्रसंस्करण शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 14 अप्रैल 2026 (सुबह 10:00 बजे तक) निर्धारित की गई है। उम्मीदवार क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग या यूपीआई के माध्यम से शुल्क का भुगतान कर सकते हैं। बिना शुल्क भुगतान के कोई भी चुनौती स्वीकार नहीं की जाएगी और केवल ऑनलाइन माध्यम से ही आपत्तियां मान्य होंगी।
आपत्ति दर्ज कराने के बाद क्या होगा?
उम्मीदवारों द्वारा दी गई आपत्तियों की जांच विषय विशेषज्ञों की टीम करेगी। अगर कोई आपत्ति सही पाई जाती है, तो उत्तर कुंजी में सुधार किया जाएगा और इसका फायदा सभी उम्मीदवारों को मिलेगा। इसके बाद उसी संशोधित अंतिम उत्तर कुंजी के आधार पर रिजल्ट तैयार होगा। किसी भी उम्मीदवार को अलग से यह नहीं बताया जाएगा कि उसकी आपत्ति सही थी या नहीं। इसलिए विशेषज्ञों द्वारा जारी की गई अंतिम उत्तर कुंजी ही मान्य होगी।