01 सितंबर से शुरू होगी सीयूईटी पीजी परीक्षा
एनटीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, सीयूईटी पीजी एडमिट कार्ड परीक्षा शुरू होने से चार से पांच दिन पहले यानी 26 से 27 अगस्त के आसपास जारी किया जाएगा। आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, सीयूईटी पीजी (CUET PG) परीक्षा 01 सितंबर से 11 सितंबर के बीच आयोजित होने वाली है। एनटीए जल्द ही एग्जाम सिटी एडवांस इंटिमेशन स्लिप जारी करने की तारीख की घोषणा करेगा। परीक्षा दो पारियों में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दोपहर तीन से शाम पांच बजे के बीच आयोजित की जाएगी।
इस साल डीयू, जामिया में सीयूईटी पीजी से दाखिले नहीं
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) ने आगामी शैक्षणिक वर्ष में 42 केंद्रीय विश्वविद्यालयों में स्नातकोत्तर कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए सामान्य प्रवेश परीक्षा की घोषणा की थी। हालांकि, सीयूईटी-यूजी (CUET UG) के विपरीत, इस साल सभी केंद्रीय विश्वविद्यालय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए सीयूईटी-पीजी स्कोर को अपनाने के लिए बाध्य नहीं हैं, लेकिन अगले सत्र से यह सभी में लागू की जाएगी। कई केंद्रीय विश्वविद्यालयों ने जेएनयू, पुद्दुचेरी विश्वविद्यालय सहित प्रवेश के लिए सीयूईटी पीजी लिया है। हालांकि, डीयू, जामिया मिलिया इस्लामिया जैसे विश्वविद्यालय इस साल सीयूईटी पीजी नहीं अपनाएंगे।