CSIR NET Exam 2025: असम डाउन टाउन यूनिवर्सिटी, गुवाहाटी, असम में आज (28 फरवरी 2025) आयोजित होने वाली परीक्षा के शिफ्ट-1 को तकनीकी खराबी के कारण रद्द कर दिया गया है। यह निर्णय पृथ्वी विज्ञान (Earth Sciences) और गणितीय विज्ञान (Mathematical Sciences) विषयों की परीक्षा के संदर्भ में लिया गया है। परीक्षा कार्यक्रम के मुताबिक, गणित, पृथ्वी, वायुमंडलीय, महासागर और ग्रह विज्ञान के पेपर सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होने वाले थे।
परीक्षा का नया कार्यक्रम जल्द होगा जारी
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा परीक्षा की नई तारीख, समय और परीक्षा केंद्र से संबंधित जानकारी जल्द ही घोषित की जाएगी। सभी प्रभावित अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे इस संबंध में एनटीए की आधिकारिक वेबसाइटों पर नियमित रूप से अपडेट चेक करते रहें।
अभ्यर्थियों को हुई असुविधा के लिए खेद
परीक्षा रद्द होने के कारण सभी उम्मीदवारों को हुई असुविधा के लिए एनटीए ने खेद जाहिर किया है। साथ ही उम्मीदवारों से अनुरोध किया गया है कि वे धैर्य बनाए रखें और परीक्षा के नए कार्यक्रम का इंतजार करें।