दिल्ली के उप राज्यपाल अनिल बैजल ने सोमवार को दिल्ली सरकार द्वारा संचालित विश्वविद्यालयों के कुलपतियों से लंबित परीक्षाओं और ऑनलाइन शिक्षा की तैयारी की समीक्षा को लेकर बातचीत की। उन्होंने कुलपतियों से छात्रों, फैकल्टी और अन्य कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शैक्षिक गतिविधियों की निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए कहा। इस बात की जानकारी उप राज्यपाल के कार्यालय द्वारा जारी बयान में दी गई है।
अनिल बैजल ने सभी कुलपतियों से अगले शैक्षणिक वर्ष की योजनाओं का चार्ट तैयार करने के लिए भी कहा है। उप राज्यपाल के साथ हुई इस बातचीत में गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय, दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी, नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी और अंबेडकर यूनिवर्सिटी के कुलपित शामिल हुए। उपराज्यपाल ने सभी कुलपतियों से दाखिले और परीक्षाओं में प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल करने के लिए भी कहा।
उप राज्यपाल अनिल बैजल ने कहा कि हर संस्थान को वर्चुअल क्लासरूम और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सुविधा विकसित करनी चाहिए। सभी टीचिंग स्टाफ को तकनीक के इस्तेमाल में प्रशिक्षित किया जाना चाहिए। उन्होंने कुलपतियों को समय-समय पर सिलेबस पूरा करने, परीक्षाओं के संचालन और परिणाम घोषित करने के निर्देश दिए।