यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की कॉपियों का मूल्यांकन 17 मार्च से शुरू हो रहा है। इसमें लगाए गए शिक्षक प्रतिदिन हाईस्कूल की 50 और इंटरमीडिएट की 45 कॉपियों की जांच करेंगे।
जिस विषय के प्रश्न पत्र में 90 प्रतिशत से अधिक अंक होंगे उस कॉपी का परीक्षण होगा। यूपी बोर्ड सचिव नीना श्रीवास्तव ने इस संबंध में सभी मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशकों को आदेश जारी कर दिया है।
यूपी बोर्ड सचिव ने स्पष्ट किया है कि किसी भी विषय, प्रश्न पत्र में प्राप्तांक 90 प्रतिशत से अधिक होने पर उत्तर पुस्तिका की जांच उप प्रधान परीक्षक करेंगे और सत्यापन समेत उस पर अपनी सहमति, असहमति की आख्या अंकित करते हुए मूल्यांकन की पुष्टि करेंगे।
सचिव ने निर्देश दिया कि मूल्यांकन के दौरान किसी भी अनधिकृत व्यक्ति का प्रवेश विद्यालय में प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षक अपने साथ नियुक्ति पत्र अवश्य रखें। जिन 50 जनपदों में कोडिंग वाली कॉपियां इस्तेमाल हुई हैं, उनका मूल्यांकन बेहद सावधानी से करने के लिए कहा गया है।
फाइल फोटो
कोडिंग से अलग कॉपियां मिलने पर इसकी सूचना तत्काल मुख्य नियंत्रक और सचिव को दी जाए। सचिव ने निर्देश दिया कि मूल्यांकन कार्य के लिए नियुक्ति परीक्षकों की उपस्थिति तथा मूल्यांकन की प्रगति की सूचना परिषद की वेबसाइट पर प्राप्त की जाए।
पहली बार मूल्यांकन केंद्रों पर नियुक्त होंगे पर्यवेक्षक
यूपी बोर्ड की कॉपियों के मूल्यांकन के लिए केंद्रों पर पहली बार पर्यवेक्षक अधिकारी नियुक्ति होंगे। मूल्यांकन कार्य की शुचिता के लिए केंद्रों पर उप शिक्षा निदेशक, डीआईओएस, एडीआईओएस स्तर के अधिकारी तथा मूल्यांकन केंद्र न बनने वाले राजकीय इंटर कॉलेजों को प्रधानाचार्यों को पर्यवेक्षक के रूप में तैनात किया जाएगा।
पर्यवेक्षक प्रतिदिन दो मूल्यांकन केंद्रों का निरीक्षण करेंगे और निरीक्षण आख्या प्रतिदिन सचिव एवं क्षेत्रीय कार्यालय के अपर सचिव को भेजेंगे।
प्रदेश के 247 मूल्यांकन केंद्रों पर जांची जाने वाली कुल कॉपियां
हाईस्कूल- 21707879
इंटरमीडिएट- 29084556
इलाहाबाद में नौ केंद्रों पर होगा 2345513 कॉपियों का मूल्यांकन
इन केंद्रों पर जांची जाएंगी हाईस्कूल की कॉपियां
विद्यालय कॉपियां
अग्रसेन इंटर कॉलेज 283732
केपी इंटर कॉलेज 192785
भारत स्काउट एंड गाइड 151979
क्रास्थवेट गर्ल्स इंटर कॉलेज 150086
केसर विद्यापीठ इंटर कॉलेज 181627
इन केंद्रों पर जांची जाएंगी इंटरमीडिएट की कॉपियां
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज 281996
सीएवी इंटर कॉलेज 389804
राजकीय इंटर कॉलेज 499791
जमुना क्रिश्चियन इंटर कॉलेज 213713