कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड के छात्रों के लिए बड़ी राहत की खबर है। दोनों कक्षाओं के छात्रों के लिए बोर्ड परीक्षा का समय 30 मिनट बढ़ा दिया गया है। यह बदलाव तमिलनाडु में किया गया है।
इस राज्य में अब तक बोर्ड परीक्षाएं ढाई घंटे की ही होती थीं। अब समय बढ़ाने के बाद तमिलनाडु के छात्रों को भी तीन घंटे की परीक्षा देने का अवसर मिलेगा। यह जानकारी तमिलनाडु के सरकारी परीक्षा निदेशालय द्वारा जारी की गई है।
इस संबंध में निदेशालय द्वारा जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि छात्रों द्वारा परीक्षा का समय बढ़ाने के लिए कई आवेदन किए गए थे। उनकी मांग के बाद ही यह फैसला लिया गया है।
ये भी पढ़ें : Delhi University: डीयू में बंद होगी कट ऑफ की होड़, अब इस तरह होगा प्रवेश
यहां कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा 2 मार्च से लेकर 24 मार्च 2020 तक आयोजित की जाएगी। जबकि 10 कक्षा की बोर्ड परीक्षा 27 मार्च से शुरू होकर 13 अप्रैल 2020 तक चलेगी।
बता दें कि कभी तमिलनाडु में भी तीन घंटे की ही बोर्ड परीक्षा हुआ करती थी। लेकिन एक विषय की परीक्षा भी 200 अंकों की होती थी। कुल अंक 1200 होते थे। फिर प्रति विषय अंक घटाकर 100 कर दिए गए। कुल 600 अंकों की परीक्षा होने लगी। अंक घटाने के कारण परीक्षा की अवधि भी प्रति विषय आधे घंटे कम कर दी गई थी। बाद में राज्य के छात्रों ने इसका विरोध किया। कई छात्रों ने सरकार व निदेशालय के पास शिकायत दर्ज की कि ढाई घंटे का समय परीक्षा के लिए पर्याप्त नहीं है। अब इन छात्रों की ये मांग सरकार ने मानी है।
ये भी पढ़ें : विदेश जाकर सिखाएं अंग्रेजी, सैलरी के साथ ये कंपनियां देंगी रहने-खाने का खर्च