फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छत्तीसगढ़ बोर्ड: एक से 20 जनवरी तक होंगी 10वीं-12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाएं, बोर्ड ने जारी किए जरूरी निर्देश

Wed, 18 Nov 2026 11:34 AM IST
आकाश कुमार एजुकेशन डेस्क, अमर उजाला

सार

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 10वीं और 12वीं की नियमित कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए प्रैक्टिकल परीक्षा और प्रोजेक्ट वर्क का कार्यक्रम जारी किया है। परीक्षाएं 1 से 20 जनवरी 2027 तक स्कूलों में होंगी।
 
विज्ञापन
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE), रायपुर ने वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए कक्षा 10वीं और 12वीं के नियमित विद्यार्थियों की प्रायोगिक परीक्षाओं और प्रोजेक्ट वर्क को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं। नोटिस के अनुसार, प्रैक्टिकल परीक्षाएं और परियोजना कार्य 1 जनवरी से 20 जनवरी 2027 तक संबंधित स्कूलों में आयोजित किए जाएंगे।

विज्ञापन


बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि प्रैक्टिकल परीक्षाओं के लिए बाह्य परीक्षकों की नियुक्ति मंडल की ओर से की जाएगी। स्कूल अपने स्तर पर बाह्य परीक्षक नियुक्त नहीं कर सकेंगे। ऐसा करने पर संबंधित परीक्षा मान्य नहीं होगी।

बाह्य और आंतरिक परीक्षकों की नियुक्ति कैसे होगी?

प्रैक्टिकल परीक्षाओं के लिए बाह्य परीक्षक बोर्ड नियुक्त करेगा, जबकि आंतरिक परीक्षक संबंधित स्कूलों के विषय शिक्षकों में से नियुक्त किए जाएंगे। वहीं, प्रोजेक्ट वर्क के लिए किसी बाहरी परीक्षक की नियुक्ति नहीं होगी। इसका मूल्यांकन संबंधित विषय शिक्षक करेंगे।

प्रैक्टिकल परीक्षा का समय क्या रहेगा?

बोर्ड के निर्देशानुसार, प्रायोगिक परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित की जाएंगी।

 
पाली समय
पहली पाली सुबह 8 से 11 बजे तक
दूसरी पाली दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक
 

बोर्ड परीक्षा और परियोजना कार्य की व्यवस्था की निगरानी के लिए स्कूलों में औचक निरीक्षण भी करेगा।

31 जनवरी तक अपलोड करने होंगे अंक

स्कूलों को प्रैक्टिकल परीक्षा और प्रोजेक्ट वर्क के अंक 31 जनवरी 2027 तक बोर्ड के ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करने होंगे। प्राचार्यों को पोर्टल लॉक करने से पहले सभी प्रविष्टियों की अच्छी तरह जांच करनी होगी। लॉक होने के बाद अंकों में किसी तरह का सुधार नहीं किया जा सकेगा।

निर्धारित समय में अंक अपलोड नहीं करने वाले स्कूलों को पोर्टल दोबारा खुलवाने के लिए प्रतिदिन 1,000 रुपये प्रति संस्था विलंब शुल्क देना होगा। पोर्टल दो दिनों के लिए खोला जाएगा। बोर्ड ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि यह शुल्क विद्यार्थियों से नहीं वसूला जाएगा।

विज्ञापन


महत्वपूर्ण तारीखें

 
विवरण तारीख
अधिसूचना जारी 17 नवंबर 2026
प्रैक्टिकल और प्रोजेक्ट वर्क 1 से 20 जनवरी 2027
अंक अपलोड करने की अंतिम तारीख 31 जनवरी 2027

 

अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों को नहीं मिलेगा दूसरा मौका

बोर्ड के अनुसार, प्रैक्टिकल परीक्षा या प्रोजेक्ट वर्क में अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों को विशेष अनुमति या दोबारा परीक्षा देने का अवसर नहीं मिलेगा। ऐसे विद्यार्थियों को अनुपस्थित दर्ज किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी संबंधित विद्यार्थी और स्कूल प्राचार्य की होगी।

12वीं के पर्यावरण अध्ययन में दो प्रोजेक्ट अनिवार्य

कक्षा 12वीं के पर्यावरण अध्ययन विषय के लिए स्कूलों को शिक्षण गतिविधियां आयोजित करने के साथ दो प्रोजेक्ट कार्य भी करवाने होंगे। इसके अलावा 50 अंकों की परीक्षा आयोजित करना अनिवार्य होगा। परीक्षा के अंक 31 जनवरी 2027 तक ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करने होंगे।

दिव्यांग विद्यार्थियों को मिलेगी विशेष सुविधा

40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले विद्यार्थियों को अनुरोध करने पर आवश्यकता के अनुसार लेखक (Scribe), रीडर या प्रयोगशाला सहायक उपलब्ध कराया जाएगा।

स्कूलों को छह महीने तक सुरक्षित रखने होंगे रिकॉर्ड

बोर्ड ने स्कूलों को निर्देश दिया है कि प्रैक्टिकल और प्रोजेक्ट वर्क के सीलबंद अंक रिकॉर्ड तथा मूल्यांकन की गई उत्तर पुस्तिकाओं को परीक्षा परिणाम घोषित होने की तारीख से छह महीने तक सुरक्षित रखें। इसके साथ ही बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परिणाम घोषित होने के बाद प्रैक्टिकल या प्रोजेक्ट वर्क के अंकों में बदलाव के अनुरोध स्वीकार नहीं किए जाएंगे। ऑनलाइन अंक दर्ज करने में गलती पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जा सकती है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें