सीबीएसई बोर्ड रविवार को केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटीईटी) 135 शहरों में आयोजित करवा रहा है। कोविड-19 संक्रमण से बचाव के चलते सीबीएसई ने 112 की बजाय 135 शहरों में उम्मीदवारों को परीक्षा का विकल्प दिया है। खास बात यह है इस परीक्षा में उम्मीदवारों को घड़ी, फोन, डेबिट या क्रेडिट कार्ड आदि लेकर जाने पर रोक रहेगी।
वहीं परीक्षार्थी को अपने साथ पीने का पानी, सैनेटाइजर की पारदर्शी छोटी बोतल और कोई भी सरकारी फोटो पहचान पत्र लाना आवश्यक होगा। सीबीएसई बोर्ड प्रबंधन के मुताबिक, उम्मीदवारों की सुविधा और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परीक्षा केंद्रों की संख्या बढ़ाई गई है। पहले 112 शहरों में परीक्षा केंद्र बनते थे, लेकिन इस बार 135 शहरों में आयोजित हो रही है।
परीक्षा केंद्र पर इन चीजों को लाना है जरूरी
परीक्षा केंद्र में उम्मीदवार अपने साथ पारदर्शी बोतल में पानी व सैनेटाइजर, मास्क, हाथ के दस्ताने ले जा सकते हैं। इसके अलावा एडमिट कार्ड और एक फोटो पहचान पत्र होना चाहिए। इसमें आधार या पैन कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस या वोट आईडी कार्ड हो सकता है। इसके अलावा नीला या काला बॉल प्वाइंट पैन ला सकते हैं। सीटीईटी पेपर-एक वाले छात्रों को रविवार सुबह 7.30 पहुंचना होगा और सीटीईटी पेपर -दो वाले उम्मीदवारों को दोपहर 12 बजे तक पहुंचना अनिवार्य है।
इन सामानों को लेकर नहीं आएं
किताब, नोट्स, पेपर के टुकड़े, ज्योमेट्री, पेंसिल बॉक्स, प्लास्टिक पाउच, पेंसिल पाउच, पेंसिल, स्केल, लॉग टेबल, इरेजर, कार्डबोर्ड, इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण, घड़ी, हैंडबैग, मोबाइल फोन, ईयरफोन, कैमरा, हेडफोन, पेन ड्राइव, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रानिक पैन, स्कैनर आदि सामान लाने पर रोक रहेगी।