चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (CCSU) ने एक अच्छी पहल की है। इसका सीधा फायदा स्टूडेंट्स को मिलेगा। अब स्टूडेंट्स को हर काम के लिए विश्वविद्यालय के चक्कर नहीं काटने होंगे। दरअसल, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय एक हेल्पलाइन नंबर जारी कर रहा है। इसके बाद डिग्री, मार्कशीट और अन्य प्रमाण पत्र के लिए आवेदन करने वाले स्टूडेंट्स इन हेल्पलाइन नंबरों के जरिये अपने आवेदन का स्टेटस जान सकेंगे।
बता दें कि विश्वविद्यालय परिसर में प्रतिदिन 700 से 800 छात्र - छात्राएं प्रमाण पत्र बनवाने आते हैं। सिंगल विंडो सिस्टम के तहत प्रमाणपत्र डाक के माध्यम से स्टूडेंट्स के घर भेजने की व्यवस्था है। कई बार प्रमाण पत्र पहुंचने में एक महीने से भी ज्यादा समय लग जाता है। ऐसे में छात्र - छात्राओं को यह पता करने में दिक्कत आती है कि उनके आवेदन का स्टेटस क्या है, उन्हें कब तक उनकी मार्क शीट या अन्य प्रमाण पत्र मिल जाएंगे।
कुलपति प्रोफेसर एनके तनेजा ने बताया कि एक सप्ताह में नंबर जारी कर दिये जाएंगे। दूरस्थ क्षेत्रों के छात्र - छात्राओं को अब विश्वविद्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। हेल्पलाइन पर कॉल रिकर्ड भी की जाएगी। ताकि बाद में किसी तरह की शिकायत का निपटारा आसानी से किया जा सके। इसके साथ ही आवेदन ऑनलाइन माध्यम से मंगाने पर भी काम किया जा रहा है। आवेदक जल्द ही ऑनलाइन आवेदन कर घर बैठे मार्कशीट व अन्य प्रमाण पत्र पा सकेंगे।