केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने शैक्षणिक सत्र 2020-21 के लिए छठी से लेकर ग्यारहवीं कक्षा तक अहम बदलाव किए हैं। कक्षा छह से लेकर ग्यारहवीं तक के विद्यार्थियों के लिए अब छठे विषय के तौर पर कौशल पाठ्यक्रम को शामिल किया गया है। सीबीएसई ने यह व्यवस्था नए शैक्षणिक सत्र के लिए की है। माध्यमिक स्तर पर पांच अनिवार्य विषयों के साथ ही छठे कौशल विषय को एक अतिरिक्त विषय के रूप में पेश किया जा सकता है। सीबीएसई के निदेशक प्रशिक्षण और कौशल शिक्षा बिस्वजीत साहा ने इस बात की जानकारी दी है।