CBSE Revaluation Portal: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने बताया कि 12वीं बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए बुधवार रात 9:30 बजे तक 56 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने आवेदन किया। बोर्ड के अनुसार, इनमें 5,000 से ज्यादा आवेदन सत्यापन और 45 हजार से ज्यादा पुनर्मूल्यांकन के लिए हैं। सीबीएसई ने बताया, पोर्टल पर भुगतान के लिए एसबीआई, केनरा बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा व इंडियन बैंक के पेमेंट गेटवे उपलब्ध हैं।
इन बैंकों में खाता होना जरूरी नहीं है। उत्तर पुस्तिका सत्यापन-पुनर्मूल्यांकन के लिए ऑनलाइन पोर्टल 2 जून से शुरू है। यह सुविधा उनके लिए है, जिन्होंने मूल्यांकित उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी प्राप्त की है। पोर्टल 6 जून मध्यरात्रि तक खुला रहेगा।
सीबीएसई के अनुसार, आवेदन प्रक्रिया के दौरान पोर्टल पर साइबर हमलों की भी कोशिश हुई। डिनायल-ऑफ-सर्विस हमले के जरिये दो मिनट में 15 लाख हिट और एक लाख से अधिक अनधिकृत फाइल एक्सेस के प्रयास किए।
एसबीआई के पेमेंट गेटवे के माध्यम से अब तक 40,000 से अधिक सफल लेनदेन दर्ज किए गए हैं। वहीं बैंक ऑफ बड़ौदा, इंडियन बैंक और केनरा बैंक ने भी हजारों ऑनलाइन भुगतान सफलतापूर्वक प्रोसेस कर डिजिटल भुगतान व्यवस्था को मजबूत बनाया है।