केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई)
- फोटो : Social media
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने बुधवार, 08 दिसंबर, 2021 को एक आधिकारिक नोटिस जारी कर बताया कि सत्र 2021-22 के लिए कक्षा IX और XI के छात्रों का पंजीकरण 15 दिसंबर, 2021 (बुधवार) से शुरू होगा। पंजीकरण लिंक सीबीएसई की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा। जिन विद्यार्थियों ने कक्षा आठवीं और दसवीं की परीक्षा पास की है, वे अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
पंजीकरण से अगले वर्ष की योजना बनाने में मिलेगी मदद : सीबीएसई
सीबीएसई ने अपने सर्कुलर में लिखा है कि कक्षा IX और XI में छात्रों का पंजीकरण एक बहुत ही महत्वपूर्ण प्रक्रिया है जो सीबीएसई को अगले वर्ष में इन छात्रों की दसवीं और बारहवीं कक्षा की परीक्षा आयोजित करने के लिए अग्रिम योजना बनाने में मदद करती है। पंजीकरण का एक अन्य महत्वपूर्ण पहलू छात्रों के व्यक्तिगत विवरणों को माता-पिता को संप्रेषित करना है ताकि यदि संबंधित छात्र के व्यक्तिगत विवरण में कोई गलती हो तो उसे कक्षा X/ XII परीक्षा आयोजित करने से पहले ठीक किया जा सके। यह भविष्य में सुधार करने के अनुरोधों को समाप्त करने में मदद करता है। पंजीकरण की प्रक्रिया 15/12/2021 (बुधवार) से शुरू होगी। पंजीकरण के लिए लिंक www.cbse.nic.in पर उपलब्ध होगा।