CBSE Orientation Programme 2025: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने आगामी 19 अगस्त 2025 को शाहजहांपुर स्थित सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल में आयोजित होने वाले प्रवेश परीक्षाओं और करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम को स्थगित करने का निर्णय लिया है। यह कदम शारदा नहर डिवीजन, शाहजहांपुर के अधिकारियों द्वारा 11 अगस्त को जारी बाढ़ अलर्ट के बाद एहतियात के तौर पर उठाया गया है। बाढ़ चेतावनी में क्षेत्र में नदी जल स्तर के तेजी से बढ़ने की आशंका जताई गई है, जिससे छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चिंता उत्पन्न हो गई थी।
नई तिथि जल्द होगी घोषित
सीबीएसई की ओर से जारी आधिकारिक नोटिस में कहा गया है कि छात्रों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए यह कार्यक्रम फिलहाल स्थगित किया जाता है। इसकी नई तिथि जल्द घोषित की जाएगी।
इस ओरिएंटेशन कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी, करियर प्लानिंग और उच्च शिक्षा में संभावनाओं को लेकर मार्गदर्शन देना था। इसमें बड़ी संख्या में छात्रों और स्कूल प्रतिनिधियों के भाग लेने की उम्मीद थी। बोर्ड ने सभी स्कूलों और पंजीकृत प्रतिभागियों से अपील की है कि वे किसी भी जानकारी या शंका के लिए cbsecareer.counseling@gmail.com पर संपर्क करें।
बोर्ड ने नोटिस में यह भी स्पष्ट किया कि हमें असुविधा के लिए खेद है और हम सभी से सहयोग की अपेक्षा करते हैं। कृपया बोर्ड की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करें।
सीबीएसई का निरीक्षण अभियान भी जारी
उल्लेखनीय है कि हाल ही में सीबीएसई ने देशभर के 10 स्कूलों में सरप्राइज निरीक्षण किए हैं। इनमें असम, दिल्ली, कर्नाटक, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और ओडिशा जैसे राज्यों के स्कूल शामिल थे। निरीक्षण का उद्देश्य छात्र नामांकन, शैक्षणिक गुणवत्ता और इन्फ्रास्ट्रक्चर की जांच करना था। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर बोर्ड ने जल्द सख्त कार्रवाई की बात भी कही है।