फोन समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के इस्तेमाल पर रोक
सीबीएसई की 10वीं और 12वीं की परीक्षा में मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग पर पाबंदी जारी रहेगी। अगर कोई छात्र मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ पकड़ा जाता है, तो उसे अगले दो वर्षों तक परीक्षा में बैठने से प्रतिबंधित कर दिया जाएगा। इससे पहले ऐसे मामलों में एक साल तक परीक्षा से रोक लगाने का प्रावधान था।
और भी पढ़ें: CBSE Board Exam Tips: प्रश्न पत्र हल करते समय इन बातों का रखें ध्यान; बोर्ड ने जारी किए निर्देश
परीक्षा केंद्रों पर लगाए जाएंगे सीसीटीवी कैमरे
सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक डॉ. संयम भारद्वाज ने बताया कि परीक्षा केंद्र पर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण का उपयोग या रखने पर छात्र न केवल इस साल, बल्कि अगले वर्ष भी परीक्षा में सम्मिलित नहीं हो सकेंगे।
और भी पढ़ें: एक्सपर्ट ने बताया कैसे लाएं फिजिक्स में अच्छे अंक
उन्होंने यह भी बताया कि पिछले कुछ वर्षों में छात्रों द्वारा सोशल मीडिया पर परीक्षा से जुड़ी गलत अफवाहें फैलाने की घटनाएं सामने आई हैं। इन अफवाहों को रोकने के लिए सीबीएसई ने सोशल मीडिया पर परीक्षा संबंधी अफवाह फैलाने को भी अनुचित साधनों के नियम में शामिल किया है। इसके अलावा, डॉ. भारद्वाज ने कहा कि इस बार परीक्षा में निष्पक्षता, बेहतर निगरानी और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।