केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया की शुरुआत जल्द होने जा रही है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने सीबीएसई सीटीईटी 2021 के लिए पंजीकरण और परीक्षा तिथियां जारी कर दी हैं। केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 20 सितंबर 2021 से शुरू होगी। आपको बता दें यह परीक्षा दिसंबर और जनवरी में आयोजित की जाएगी। अभी तक ऑफलाइन परीक्षा आयोजित की जाती थी लेकिन कोरोना संक्रमण के कारण बोर्ड ने ऑनलाइन ही परीक्षा लेने का निर्णय लिया है।
जो उम्मीदवार परीक्षा के लिए आवेदन करना चाहते हैं वे सीबीएसई सीटीईटी की आधिकारिक साइट ctet.nic.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 19 अक्टूबर 2021 तक है। बोर्ड द्वारा साझा किए गए नोटिस के अनुसार, परीक्षा 16 दिसंबर से 13 जनवरी, 2022 तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा पूरे 20 (बीस) भाषाओं में आयोजित की जाएगी। परीक्षा तिथियां उम्मीदवारों को उनके संबंधित एडमिट कार्ड पर उपलब्ध होंगी। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा सीटीईटी (सेंट्रल टीचर एजिब्लिटी टेस्ट) ऑनलाइन लिया जाएगा।