बोर्ड ने स्वीकार की तकनीकी दिक्कत की बात
बोर्ड ने यह भी स्वीकार किया कि पोर्टल खुलने के बाद अचानक बढ़े ट्रैफिक की वजह से कुछ छात्रों को तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। खासकर पेमेंट स्टेटस अपडेट होने में देरी की शिकायतें सामने आई थीं। हालांकि सीबीएसई ने स्पष्ट किया कि अब पोर्टल सामान्य रूप से कार्य कर रहा है और छात्रों को बार-बार आवेदन या भुगतान करने से बचना चाहिए।
सीबीएसई ने छात्रों, अभिभावकों और स्कूलों को सहयोग के लिए धन्यवाद भी दिया है। बोर्ड ने कहा कि पोस्ट-वेरिफिकेशन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और छात्र हितैषी बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
100 रुपये देकर प्राप्त कर सकते हैं उत्तर पुस्तिका
गौरतलब है कि हाल ही में कक्षा 12वीं के परिणाम जारी होने के बाद बड़ी संख्या में छात्रों ने अपनी उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी प्राप्त करने के लिए आवेदन करना शुरू किया था। इससे पहले तकनीकी समस्याओं के कारण बोर्ड को आवेदन की अंतिम तिथि भी बढ़ानी पड़ी थी। सीबीएसई ने स्कैन कॉपी प्राप्त करने की फीस में भी बड़ी कटौती की है। अब छात्र 100 रुपये देकर अपनी उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी प्राप्त कर सकते हैं, जबकि पहले इसके लिए 700 रुपये देने पड़ते थे।