CBSE Date Sheet 2021:केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) जल्द ही दसवीं और बारहवीं परीक्षाओं के लिए सीबीएसई डेटशीट 2021 जारी करेगा। विद्यार्थी सीबीएसई दसवीं और बारहवीं परीक्षाओं की डेटशीट 2021 का इंतजार कर रहे हैं। बोर्ड के सचिव अनुराग त्रिपाठी का भी कहना है कि जल्द ही दसवीं और बारहवीं परीक्षाओं की डेटशीट जारी की जाएगी। बताया जा रहा है कि बोर्ड 2021 की परीक्षा तैयारी में जुट गया है। हालांकि, अभी बोर्ड की तरफ से दसवीं और बारहवीं परीक्षाओं की डेटशीट को लेकर कोई सटीक जानकारी नहीं दी गई है।
इस बीच सोशल मीडिया पर अगले साल होने वाली सीबीएसई की दसवीं और बारहवीं परीक्षाओं को लेकर एक अफवाह फैल रही थी, जिसमें कहा जा रहा था कि बोर्ड मई में होने वाली परीक्षाओं को टाल रहा है। इन अफवाहों पर विराम लगाते हुए सीबीएसई का कहना है कि बोर्ड की परीक्षाओं का आयोजन निश्चित रूप से किया जाएगा।
बोर्ड के सचिव अनुराग त्रिपाठी ने यह बात एसोचैम द्वारा नई शिक्षा नीति पर आयोजित एक वेबीनार के दौरान कही। उन्होंने बताया कि बोर्ड परीक्षाओं के आयोजन और मूल्यांकन की पद्धति को लेकर योजना बनाई जा रही है। बता दें कि शैक्षणिक सत्र 2020-21 के लिए दसवीं और बारहवीं कक्षा की परीक्षाओं की डेटशीट सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट cbse.nic.in पर जारी होगी। ऐसे में विद्यार्थी आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाएं रखें और तारीखों को लेकर सोशल मीडिया पर फैलने वाली जानकारी पर यकीन न करें।