CBSE Board Exam Tips: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। परीक्षा के लिए 25 दिन का समय बचा है। छात्र परीक्षा को लेकर दबाव व तनाव में आने लगे हैं। ऐसे में शिक्षा निदेशालय ने स्कूलों को स्टडी मैनेजमेंट प्लान व प्रश्न पत्र हल समय किन बातों को ध्यान रखना है, इस संबंध में जानकारी भेजी है।
निदेशालय ने स्कूलों को बताया है कि बच्चों को बताया जाएगा कि उन्हें प्रश्न पत्र हल करने के दौरान किस तरह से समय प्रबंध का ध्यान रखना है। इसके साथ ही प्रश्न पत्र हल करते समय गति का भी ध्यान रखा जाना जरूरी है।
शिक्षा निदेशालय की ओर से सरकारी व सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों को प्रश्न पत्र हल करने के संबंध में कुछ बिंदु तैयार करके दिए हैं। स्कूलों को इन बिंदुओं की जानकारी बच्चों को देनी है। निदेशालय ने कहा कि बच्चे को बताया जाए कि प्रश्न पत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट का समय मिलेगा।
इस दौरान सभी प्रश्नों को ध्यान से पढ़ें। प्रश्न पत्र हल करने के लिए दिए गए तीन घंटे के समय को सेक्शन के अनुसार बांटे और समय को नियमित रूप से देखते रहें। निदेशालय ने सलाह दी है कि बच्चे पहले आसान प्रश्नों को हल करें। पहले उन्हीं प्रश्नों को हल करने जो कि बच्चों को अच्छी तरह से आते हों। अपने विकल्पों को ध्यानपूर्वक चयन करें। कुछ प्रश्नों में आंतरिक विकल्प होंगे, इनके चयन में जल्दबाजी ना करें। प्रश्न पत्र हल करने के दौरान उत्तर को निर्धारित शब्द संख्या में ही लिखें।
टू द प्वाइंट होना चाहिए उत्तर
उत्तर टू द प्वाइंट होना चाहिए और आसान भाषा में समझ आने वाला होना चाहिए। जहां जरूरी हो वहां डायाग्राम और उदाहरण दें। उत्तर लिखते समय कटिंग ना करें और व्हाइटनर का इस्तेमाल ना करें। प्रश्न पत्र हल करने के बाद सभी शीट, मैपन, ग्राफ्स सही तरीके से क्रम में बंधे हो इसका भी ध्यान रखा जाना जरूरी है। निदेशालय ने बच्चों को नैतिक और शैक्षिक सहयोग देने के लिए इस जानकारी को तैयार करके स्कूलों को भेजा है।