फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CBSE Board Exam 2025: भौतिकी की परीक्षा में एक महीना बाकी, एक्सपर्ट ने बताया कैसे लाएं फिजिक्स में अच्छे अंक

Tue, 21 Jan 2025 07:23 AM IST
शिवम गर्ग एजुकेशन डेस्क, अमर उजाला

सार

Board Exam Preparation Tips: बोर्ड परीक्षा किसी युद्ध से कम नहीं होती। युद्ध जीतने के लिए एक मजबूत रणनीति की आवश्यकता होती है और यही बात परीक्षाओं पर भी लागू होती है। एक्सपर्ट से जानें प्रभावी तैयारी के लिए कई उपयोगी टिप्स...
विज्ञापन
बोर्ड परीक्षा तैयारी के टिप्स - फोटो : Adobe Stock
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

CBSE Board Exams 2025: बोर्ड परीक्षा का समय छात्रों के लिए न केवल एक चुनौतीपूर्ण बल्कि तनावपूर्ण भी होता है। बेहतर परिणाम पाने के लिए सही रणनीति और तैयारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी विषय पर अमर उजाला के विशेष कार्यक्रम में हमने मेरठ के जवाहर नवोदय विद्यालय के अनुभवी फिजिक्स शिक्षक और सीबीएसई के चीफ एग्जामिनर, राजीव कुमार से बातचीत की। 22 वर्षों के शिक्षण अनुभव के साथ, उन्होंने छात्रों को प्रभावी तैयारी के लिए कई उपयोगी टिप्स दिए।
विज्ञापन



 

Board Exam Preparation Strategy: परीक्षा में सफलता के लिए रणनीति क्यों है जरूरी?

राजीव कुमार ने बताया कि बोर्ड परीक्षा किसी युद्ध से कम नहीं होती। युद्ध जीतने के लिए एक मजबूत रणनीति की आवश्यकता होती है, और यही बात परीक्षाओं पर भी लागू होती है। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि तैयारी का मुख्य उद्देश्य केवल पढ़ाई की मात्रा नहीं बल्कि सही दिशा में प्रयास करना होना चाहिए। टाइम मैनेजमेंट और सही कंटेंट पर फोकस ही सफलता की कुंजी है।

CBSE Physics Exam Pattern: सीबीएसई का परीक्षा पैटर्न समझें

सीबीएसई द्वारा पहले से ही परीक्षा पैटर्न और सिलेबस की जानकारी नोटिफिकेशन के माध्यम से उपलब्ध कराई जाती है। छात्रों को पैटर्न का अध्ययन करके तैयारी करनी चाहिए और पिछले वर्षों के प्रश्न-पत्रों का अभ्यास जरूर करना चाहिए।

फिजिक्स के प्रश्न-पत्र का प्रारूप:

  • सेक्शन A: कुल 16 प्रश्न (12 एमसीक्यू और 4 रीजनिंग-आधारित एमसीक्यू)। प्रत्येक प्रश्न 1 अंक का होता है।
  • सेक्शन B: 5 प्रश्न, प्रत्येक 2 अंकों के।
  • सेक्शन C: 7 प्रश्न, प्रत्येक 3 अंकों के।
  • सेक्शन D: 2 केस-स्टडी आधारित प्रश्न। प्रत्येक में मल्टीपल-चॉइस सवाल होते हैं।
  • सेक्शन E: 3 लॉन्ग-आंसर प्रश्न, प्रत्येक 5 अंकों के। इसमें विकल्प की सुविधा होती है।
यह भी पढ़ें: परीक्षा लिखते समय किन बातों का रखें ख्याल? एक्सपर्ट से जानें कैसे करनी है उत्तर लिखने की शुरुआत

परिभाषाओं और फॉर्मूलों को याद करने के सरल तरीके

परिभाषाएं और फॉर्मूले फिजिक्स का आधार हैं। छात्रों को इन्हें याद करने में अक्सर कठिनाई होती है। राजीव कुमार ने इसे याद रखने के लिए निम्नलिखित सुझाव दिए:

सीधे और सरल परिभाषाओं का चयन करें: कई किताबें एक ही परिभाषा को जटिल बना देती हैं। इसलिए, सबसे सरल और सटीक परिभाषा को पढ़ें और याद करें।
अंताक्षरी विधि: दोस्तों के साथ ग्रुप बनाकर परिभाषाएं पूछें और उत्तर दें। यह एक मजेदार और प्रभावी तरीका है।
फॉर्मूले का दैनिक अभ्यास करें: जब भी समय मिले, फॉर्मूलों को दोहराएं। इसे अपनी बातचीत में शामिल करें।

 

न्यूमेरिकल सॉल्व करने का सही तरीका

न्यूमेरिकल प्रश्न अक्सर छात्रों को डराते हैं। राजीव कुमार ने कहा कि सीबीएसई के न्यूमेरिकल सवाल बेहद सरल होते हैं। उन्होंने इसे हल करने के लिए चार चरण बताए:
  • प्रश्न में दिए गए डाटा को पहचानें।
  • संबंधित फॉर्मूला लिखें।
  • सभी वैल्यू को फॉर्मूले में डालें।
  • कैलकुलेशन करें।

उन्होंने बताया कि सीबीएसई की मार्किंग स्कीम स्टेप-वाइज होती है। यानी, यदि अंतिम उत्तर गलत भी है, तो भी छात्र को बाकी सही स्टेप्स के लिए अंक मिलते हैं।

यह भी पढ़ें: बोर्ड परीक्षा में करीब एक महीना बाकी, डेली रूटीन में शामिल करें पांच आदतें    

रिवीजन की प्रभावी तकनीक
बोर्ड परीक्षा में एक महीने का समय बचा हो तो रिवीजन बहुत अहम हो जाती है। ऐसे में छात्रों को एक प्रभावी रिवीजन रणनीति बनाने की सलाह दी जाती है:
  1. पिछले चैप्टर से शुरुआत न करें: हमेशा अंतिम यूनिट्स से शुरू करें। उदाहरण के लिए, सेमीकंडक्टर और कम्युनिकेशन जैसे अध्याय याद करने में कम समय लेते हैं लेकिन इनमें वेटेज अधिक होती है।
  2. दैनिक लक्ष्य निर्धारित करें: हर दिन का लक्ष्य बनाएं और शाम को उसे रिवाइज करें।
  3. सैंपल पेपर हल करें: सीबीएसई और केंद्रीय विद्यालय संगठन द्वारा जारी किए गए सैंपल पेपर्स का अभ्यास करें। इन्हें परीक्षा के समय सीमा में हल करें।
विज्ञापन

तनाव को कम करने और आत्मविश्वास बढ़ाने के टिप्स

परीक्षा के दौरान छात्र अक्सर प्रेशर महसूस करते हैं। इसे कम करने के लिए कुछ सुझाव:
  • परीक्षा के माहौल का अभ्यास करें: सैंपल पेपर को परीक्षा की तरह सॉल्व करें।
  • अच्छी नींद और संतुलित भोजन: यह मानसिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी है।
  • पॉजिटिव सोच रखें: आत्मविश्वास बनाए रखें और अपने कमजोर विषयों पर फोकस करें।
यह भी पढ़ें: बोर्ड परीक्षा में करीब एक महीना बाकी, सफलता के लिए एक बेहतर रणनीति की जरूरत; ऐसे करें तैयारी

समय प्रबंधन के लिए पांच जरूरी आदतें

राजीव कुमार ने बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए पांच आदतें अपनाने पर जोर दिया:
  • टाइम टेबल बनाएं और उसका पालन करें।
  • दैनिक रिवीजन की आदत डालें।
  • सैंपल पेपर्स और पिछले वर्षों के प्रश्न-पत्र हल करें।
  • अपने कमजोर क्षेत्रों को पहचानें और उन पर काम करें।
  • समय-समय पर ब्रेक लें और खुद को तनावमुक्त रखें।

फिजिक्स को कठिन न समझें

कुमार ने बताया कि फिजिक्स एक बेहद दिलचस्प और जीवन से जुड़ा विषय है। यह गणित और विज्ञान का मिश्रण है, लेकिन छात्रों को यह मुश्किल लगता है क्योंकि वे इसे गहराई से समझने के बजाय रटने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि फिजिक्स के प्रश्न-पत्र में प्रश्न पहले से तय होते हैं, बस उनका स्वरूप बदल दिया जाता है।

राजीव कुमार के इन सुझावों को अपनाकर छात्र न केवल अपनी फिजिक्स बल्कि अन्य विषयों की भी बेहतर तैयारी कर सकते हैं। बोर्ड परीक्षा में सफलता के लिए जरूरी है कि आप सही रणनीति अपनाएं, तनावमुक्त रहें और नियमित रूप से अभ्यास करें। याद रखें, परीक्षा केवल एक पड़ाव है और इसे पार करना आपकी मेहनत और अनुशासन पर निर्भर करता है।

आप सभी छात्रों को हमारी ओर से शुभकामनाएं!
 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें