परीक्षा केंद्र से बाहर जाते छात्र।
- फोटो : अमर उजाला।
दिल्ली में हुई हिंसा को देखते हुए सीबीएसई ने फिर से बोर्ड की परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। सीबीएसई ने 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है। सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन ने 28 और 29 फरवरी को होने वाली 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है। बोर्ड ने उत्तर पूर्व दिल्ली में इन परीक्षाओं को स्थगित किया है और इसके लिए प्रेस रिलीज जारी की है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी हिंसा को देखते हुए सीबीएसई ने हिंसाग्रस्त क्षेत्रों में विद्यार्थियों की बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित कर दिया था। सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए यह कदम उठाया है। हालांकि, उत्तर पूर्वी दिल्ली में हिंसा रुक चुकी है, लेकिन स्थिति अभी पूरी तरह से सामान्य नहीं हुई है। इसी वजह से सीबीएसई ने फिर से दसवीं और बारहवीं की शुक्रवार और शनिवार को होने वाली परीक्षाओं को स्थगित करने का फैसला लिया है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने बुधवार को भी 12वीं का अंग्रेजी का पेपर स्थगित कर दिया था।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के सचिव अनुराग त्रिपाठी ने बुधवार को कहा था कि दिल्ली सरकार के आग्रह तथा छात्रों, कर्मचारियों एवं माता पिता को होने वाली कठिनाईयों से बचने के लिए बोर्ड ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के उत्तर पूर्व के हिस्से में 27 फरवरी को होने वाली 12 वीं की अंग्रेजी की परीक्षा को स्थगित करने का फैसला किया है । उत्तर पूर्व दिल्ली के 73 केंद्रों पर और पूर्वी दिल्ली के सात केंद्रों पर कल होने वाली यह परीक्षा स्थगित की गयी थी।