केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने बारहवीं कक्षा की परीक्षा रद्द करने की अटकलों को खारिज कर दिया है। बोर्ड का कहना है कि बारहवीं कक्षा की परीक्षाओं के संबंध में अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है। बोर्ड ने उन सभी रिपोर्ट्स का खंडन किया है, जिनमें कहा जा रहा था कि कोरोना वायरस की वजह से बारहवीं कक्षा की परीक्षा रद्द की जा सकती है। सीबीएसई ने कहा कि यह स्पष्ट किया जाता है कि बोर्ड की तरफ से बारहवीं कक्षा की परीक्षाओं को लेकर कोई निर्णय लिया गया है। बोर्ड का साफ कहना है कि बारहवीं कक्षा की परीक्षाओं को लेकर अगर कोई भी निर्णय लिया जाएगा तो उसे आधिकारिक तौर पर सूचित किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें-गुजरात बोर्ड परीक्षा 2021: 10वीं की परीक्षा रद्द, बिना परीक्षा ऐसे पास होंगे छात्र
वहीं, सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर कर सीबीएसई की बारहवीं कक्षा की परीक्षा को रद्द करने की मांग की गई है। यह याचिका वकील ममता शर्मा ने दायर की है। जिनका कहना है कि बोर्ड बारहवीं कक्षा की परीक्षाओं के आयोजन की जगह विद्यार्थियों का रिजल्ट घोषित करने के लिए ऑब्जेक्टिव पद्धति अपनाए। बता दें कि बोर्ड की बारहवीं कक्षा की परीक्षाओं का आयोजन 4 मई से लेकर 14 जून के बीच होना था, लेकिन कोरोना वायरस की दूसरी लहर की वजह से इन परीक्षाओं को स्थगित कर दिया गया है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि सीबीएसई बारहवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं को रद्द कर सकती है। बोर्ड ने ऐसी सभी रिपोर्ट्स का खंडन किया है।
इसे भी पढ़ें-यरुशलम: यहूदी, इस्लाम और ईसाई धर्म की आस्था का केंद्र, जानिए क्या है इसका ऐतिहासिक महत्व
बता दें कि सीबीएसई दसवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं को पहले ही रद्द कर चुकी है। दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों को आंतरिक मूल्यांकन के जरिए पास किया जाएगा। इस साल दसवीं कक्षा का रिजल्ट 20 जून को जारी होगा।