सीबीएसई 10वीं का रिजल्ट कब आएगा?
उम्मीद लगाई जा रही है कि सीबीएसई बोर्ड जल्द ही कक्षा 10वीं की दूसरी बोर्ड परीक्षा का परीक्षाफल जारी कर सकता है। हालांकि, अभी तक बोर्ड की ओर से रिजल्ट जारी करने की आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है। ऐसे में छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे केवल सीबीएसई की आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
क्या है डिजिलॉकर?
डिजिलॉकर भारत सरकार द्वारा शुरू किया गया एक डिजिटल डॉक्यूमेंट स्टोरेज प्लेटफॉर्म है। इसके माध्यम से नागरिक अपने महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेजों को ऑनलाइन सुरक्षित रख सकते हैं और जरूरत पड़ने पर उन्हें कभी भी डाउनलोड या इस्तेमाल कर सकते हैं।
इस प्लेटफॉर्म पर मार्कशीट, प्रमाणपत्र, पहचान पत्र और अन्य सरकारी दस्तावेज डिजिटल रूप में उपलब्ध रहते हैं, जिससे कागजी दस्तावेजों पर निर्भरता कम होती है।
डिजिलॉकर के जरिए छात्रों को क्या फायदा मिलता है?
डिजिलॉकर छात्रों को अपने शैक्षणिक दस्तावेजों को सुरक्षित और आसानी से उपलब्ध कराने का एक सुविधाजनक माध्यम है। इसके जरिए छात्र कहीं से भी और कभी भी अपनी मार्कशीट और प्रमाणपत्र देख सकते हैं।
इसके अलावा, दस्तावेज खोने या खराब होने की स्थिति में भी छात्रों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता, क्योंकि सभी रिकॉर्ड डिजिटल रूप से सुरक्षित रहते हैं।
क्या डिजिलॉकर की मार्कशीट मान्य होती है?
कई छात्रों और अभिभावकों के मन में यह सवाल रहता है कि क्या डिजिलॉकर से डाउनलोड की गई मार्कशीट आधिकारिक रूप से मान्य होती है? इसका जवाब है- हां, डिजिलॉकर पर उपलब्ध मार्कशीट मान्य होती है।
डिजिलॉकर के माध्यम से जारी की गई मार्कशीट और प्रमाणपत्र सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) के तहत पूरी तरह वैध माने जाते हैं। कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और विभिन्न सरकारी एवं निजी संस्थानों द्वारा इन्हें प्रवेश, दस्तावेज सत्यापन और अन्य आधिकारिक कार्यों के लिए स्वीकार किया जाता है।
सीबीएसई बोर्ड 10वीं का रिजल्ट कैसे देखें?
सीबीएसई द्वारा परिणाम घोषित होने के बाद छात्र डिजिलॉकर के माध्यम से अपनी डिजिटल मार्कशीट डाउनलोड कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें निम्नलिखित प्रक्रिया अपनानी होगी:
- सबसे पहले डिजिलॉकर की वेबसाइट या मोबाइल एप खोलें।
- अपने आधार से जुड़े मोबाइल नंबर या डिजिलॉकर अकाउंट की मदद से लॉगिन करें।
- इसके बाद "Education" सेक्शन में जाएं।
- यहां CBSE का विकल्प चुनें।
- अब अपना पासिंग ईयर, रोल नंबर और 6 अंकों का सिक्योरिटी पिन दर्ज करें।
- इसके बाद "Get Document" विकल्प पर क्लिक करें।
- आपकी डिजिटल मार्कशीट स्क्रीन पर दिखाई देगी, जिसे पीडीएफ फॉर्मेट में डाउनलोड किया जा सकता है।